एमकॉम में प्रवेश आज से, प्रथम वर्ष के लिए 80 हजार आवेदन; रोजाना जानकारी के लिए भटक रहे छात्र

18 अगस्त 2021 | एमकॉम प्रथम सेमेस्टर में 18 अगस्त से प्रवेश शुरू हो रहा है। इसके लिए हेमचंद यादव विवि का पोर्टल खुलेगा। इसमें छात्र ऑनलाइन प्रवेश ले सकेंगे। इसी तरह अभी अंडर ग्रेजुएशन क्लासेस में एडमिशन के लिए आवेदन आने का सिलसिला जारी है। अभी तक करीब 80 हजार आवेदन आ चुके हैं। 20 अगस्त तक मिले आवेदनों को कॉलेजों में भेजा जाएगा। वहां प्रावीण्यता के आधार पर छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा। एक तरफ जहां अकादमिक विश्वविद्यालय में प्रवेश का सिलसिला शुरू हो गया है।
31 अगस्त तक कॉलेजों में प्रथम वर्ष में प्रवेश की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके लिए उच्च शिक्षा विभाग ने आदेश जारी किया है। एडमिशन की प्रक्रिया के दौरान कोविड-19 के प्रोटोकाल का पूरी तरह पालन किया जाना अनिवार्य होगा। हेमचंद विवि से संबद्ध सभी शासकीय और निजी कॉलेजों में हेल्प डेस्क बनाया गया है।
संस्कृत अंतिम में 15.79 फीसदी विद्यार्थी फेल
मंगलवार को एमए संस्कृत अंतिम और बीसीए भाग एक और दो के नतीजे घोषित किए गए। एमए अंतिम संस्कृत की परीक्षा के लिए 79 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया। इनमें से 76 परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से 64 पास और 9 फेल घोषित किए गए। 3 के नतीजे रोके गए और 3 परीक्षा में अनुपस्थित रहे। इस तरह परिणाम 84.21 फीसदी रहा। परीक्षा ऑनलाइन ओपन बुक पद्धति से हुई थी। इसी तरह बीसीए भाग एक में शामिल 397 परीक्षार्थियों में से 391 परीक्षा में सफल रहे।
एमसीए, एमबीए और एम फार्मा की सीटें बढ़ीं
तकनीकी विश्वविद्यालय ने ब्रांच वाइज सीटों की स्थिति स्पष्ट कर दी है। इसके अनुसार इस बार एमसीए, एमबीए, एम फार्मा, बी फार्मा और डी फार्मा की सीटें बढ़ी हैं। बी फार्मेसी में इस बार 785, डी फार्मा में 126 और एम फार्मा में 72 सीटें बढ़ी हैं। इसी तरह एमबीए में 186 और एमसीए में 27 सीटें पिछले साल की तुलना में बढ़ी हैं। आने वाले दिनों में पीईटी और पीपीएचटी की परीक्षाएं होंगी। इसमें सफल होने वाले उम्मीदवारों को बीटेक और फार्मेसी की सीटों में प्रवेश दिया जाएगा।



