विरोध कर ज्ञापन सौंपा:सांसद के साथ दुर्व्यवहार के विरोध में महिला कांग्रेस ने पीएम के फोटो को चूड़ियां भेंट की

राज्यसभा में सत्र के दौरान महिला सांसद फूलोदेवी नेताम एवं अन्य महिला सांसदों के साथ दुर्व्यवहार किया गया। इसके विरोध में शुक्रवार को महिला कांग्रेस ने पुराना कम्युनिटी हॉल से कचहरी चौक तक रैली निकाली। प्रधानमंत्री का पूतला फूंकते हुए राष्ट्रपति के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा गया।
साथ ही भाजपा की केन्द्र सरकार से इस्तीफे की मांग करते प्रधानमंत्री के फोटो को चुड़ी भेंट की। शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपिका श्रीवास्तव ने कहा राज्यसभा में सत्र के दौरान छग की आदिवासी राज्यसभा सांसद तथा प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष फूलोदेवी नेताम सहित अन्य महिला सांसदों के साथ राज्यसभा सदन में अमर्यादित ढंग से मार्शलों एवं सत्तापक्ष के सांसदों ने धक्का मुक्की करते दुर्व्यवहार किया है।
इस घटना में उन्हें चोटें भी आई है। संसद के उच्च सदन, राज्यसभा में इस प्रकार की असंवैधानिक घटना से महिला सांसद अब सदन में भी सुरक्षित नहीं है। महिला सांसद के साथ हुई इस घटना को महिला शक्ति बर्दाश्त नहीं करेगी। इस घटना का कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। घटना के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जिम्मेदार मानते उनके छायाचित्र के समक्ष चुड़ी भेंट कर सांकेतिक प्रदर्शन किया।



