महंगी बिजली:6 प्रतिशत बढ़ेगा टैरिफ, लेकिन 100 यूनिट पर पहले के मुकाबले 11.72% अधिक होगा बिल

- अगस्त से ढाई लाख उपभोक्ताओं को देना होगा 6 करोड़ अधिक का बिल
नई बिजली दरें 1 अगस्त से पूरे प्रदेश में लागू कर दी गई है। बिजली की नई दरों में करीब 6 प्रतिशत यानि 48 पैसों की बढ़ोतरी बताई गई है। लेकिन घरेलू बिजली के टैरिफ में ही अंतर 11.72 प्रतिशत का है। रायगढ़ में अगस्त की रीडिंग के लिए तैयारी शुरू हो गई है। खपत पिछले महीने जितनी भी रही तो बिजली कंपनी को 6 करोड़ रुपए अधिक मिलेंगे।
1 अगस्त से जारी नई बिजली दरों से इस बार बिजली उपभोक्ताओं को बड़ा झटका लगने वाला है। सरकार ने नई दरें लागू कर दी हैं। आम लोगों पर बिजली का बोझ बढ़ेगा। जिले में कुल 2 लाख 55 हजार उपभोक्ता हैं, हर महीने 12 करोड़ यूनिट खर्च होती है। हर महीने 80 करोड़ रुपए की वसूली होती है। नई दरें लागू होने के बाद यह 86 करोड़ रुपए मिलेंगे। इन उपभोक्ताओं में अधिकतर लोग 400 यूनिट तक का इस्तेमाल करते हैं। 400 यूनिट तक ग्रोथ का प्रतिशत 10.71 है।
हाफ योजना में भी छूट मिलेगी, चार्ज भी जुड़ेगा
400 यूनिट तक इस्तेमाल करने वाले उपभोक्तताओं की संख्या शहर में 76 हजार है। छत्तीसगढ़ सरकार इनका आधा बिजली बिल हर महीने माफ करती है। ऐसे उपभोक्ताओं को भी झटका लगेगा। लेकिन 400 यूनिट तक खपत करने वाले उपभोक्ताओं को भी 185 रुपए तक अधिक देने होंगे।
5 किलोवॉट तक 20 नहीं 380 रुपए देने होंगे
5 किलोवॉट तक पहले फिक्स 20 रुपए चार्ज था। यानि कि यदि आप 100 यूनिट भी बिजली खर्च करते हैं तो आपको 20 रुपए ही देने थे लेकिन अब इसमें भी बदलाव किया गया है। यदि आपने 100 यूनिट बिजली का उपयोग किया हो या नहीं लेकिन 5 किलोवॉट का कनेक्शन है तो आपको 360 रुपए देने ही होंगे।
नई दरों से भेजेंगे बिल
प्रभावी नई दरों के हिसाब से तैयारी जारी हैं। इन दरों के हिसाब से देखें तो पूरे रायगढ़ सर्किल में इस बार 6 करोड़ रुपए तक का ग्रोथ देखने को मिलेगा। नए टेरिफ के मुताबिक बिल तैयार होंगे। योजनाओं का लोगों को लाभ दिया जा रहा है।
-एस के साहू, ईई, सीएसईबी



