रायपुर जिला

विरोध प्रदर्शन:प्रदेश में हर 4 घंटे में दुष्कर्म और 6 घंटे में हत्या महिलाएं असुरक्षित, महिला मोर्चा करेगा आंदोलन

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति में कानून व्यवस्था से लेकर कोरोना की रोकथाम में अव्यवस्था का मामला गूंजा। महिला मोर्चा ने देशभर में कोरोना की स्थिति के बेहतर ढंग से प्रबंधन और वैक्सीन उपलब्ध कराने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी की तारीफ की है, वहीं राज्य की कांग्रेस सरकार पर सस्ती और हल्की राजनीति करने का आरोप लगाया है।

महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री इंदुबाला गोस्वामी ने कार्यकर्ताओं को राज्य सरकार के खिलाफ जी जान से जुटने का आह्वान किया है। कार्यसमिति को प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सांसद सरोज पांडेय आदि ने भी संबोधित किया। दूसरे सत्र में मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष मीनल चौबे ने राजनीतिक प्रस्ताव रखा, जिसका ममता साहू ने समर्थन किया।

इसमें राज्य सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताया है। मोर्चा ने कहा है कि कानून व्यवस्था की स्थिति बदतर होती जा रही है। इसका खामियाजा प्रदेश की बहन-बेटियों को ही भुगतना पड़ रहा है। प्रदेश में हर चार घंटे में एक बलात्कार और छह घंटे में एक हत्या या हत्या के प्रयास की घटना से यह साबित हो रहा है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने संबंधी अपने महत्वपूर्ण दायित्व के निर्वहन में कांग्रेस किस तरह विफल है।

शराबबंदी का वादा कर सत्ता में आई यह सरकार अपने वादे से मुकरते हुए शराब की होम डिलीवरी कर रही है। इस कारण भी स्त्रियों के विरुद्ध अपराधों में बेतहाशा वृद्धि हुई है। कार्यसमिति में मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत, कमला पाटले, रंजना साहू, विभा राव, पूजा विधानी, किरण बघेल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थीं।

Related Articles

Back to top button