वैक्सीनेशन शुरू:भीड़ बढ़ते ही क्रैश हुआ वैक्सीनेशन रजिस्ट्रेशन एप

रविवार को 18 से अधिक उम्र के लोगों के लिए वैक्सीनेशन शुरू हुआ, लेकिन ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के कारण लोग दिनभर परेशान हुए। शहर को 2200 डोज मिली थी। आठ सेंटर बनाए गए थे। टीकाकरण शुरू होने से पहले ही शासन का एप क्रैश हो गया। सुबह 6 बजे पुत्रीशाला, केवड़ाबाड़ी के भूपदेव स्कूल और सत्तीगुड़ी चौक स्थिति इंदिरा गांधी स्कूल सेंटरों में ताला खुलने से पहले ही लोगों की लंबी कतार लगी थी।
एप क्रैश होने से विवाद की स्थिति बनी। सुबह 11 बजे के बाद रजिस्टर में नाम, नंबर नोट करने के बाद वैक्सीनेशन शुरू किया गया। सोमवार को 18+ को वैक्सीन नहीं लगेगी। सत्तीगुड़ी चौक स्थित इंदिरा स्कूल में तो लोगों की भीड़ लगने के बाद वहां पर स्वास्थ्य अधिकारियों और लोगों के बीच बहस हो गई। वहां पर पुलिसकर्मियों को तैनात करना पड़ा ।
हर सेंटर में 200 लोगों रजिस्ट्रेशन हुआ था, लेकिन हर सेंटरों में उससे ज्यादा लोगो का नाम लिखा गया। सुबह 7 बजे से ही मोबाइल एप बंद हो गया था। सेंटरों में ज्यादा लोग आए तो लोइंग से मंगवाई वैक्सीन -केवड़ाबाडी बस स्टैंड स्थित भूपदेव स्कूल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कबीर चौक, सत्तीगुड़ी चौक इंदिरा स्कूल जैसे सेंटरों में देर शाम तक लोगों की लाइन लगी रही।
राज्य सरकार द्वारा बनाए एप में रजिस्ट्रेशन करने के बाद वैक्सीनेशन सेंटर ही शो नहीं कर रहा था। टोकन नंबर भी जनरेट नहीं होंने की समस्या बनी हुई थी । सोमवार को रायपुर से वैक्सीन मंगवाई गई है, मंगलवार से 18 से अधिक उम्र के लोगों को फिर से टीका लगाना शुरू कर दिया जाएगा।



