मुस्कान की हत्या, घर में घुसकर इमरान ने चाकू से गोदकर मार डाला; पुलिस तलाश में जुटी

घर में अकेली थी मुस्कान
रिपोर्ट के अनुसार, मुस्कान की हत्या उस समय हुई जब वह तिलक नगर स्थित बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर अपने घर में अकेली थी। आरोप है कि जिम ट्रेनर इमरान ने उस पर चाकू से हमला किया और वारदात के बाद मौके से फरार हो गया। मुस्कान की चीखें सुनकर पड़ोसी उसके घर पहुंचे। उन्होंने उसे गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस CCTV फुटेज खंगालने में जुटी
एडिशनल DCP गुप्ता ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें काम कर रही हैं। पुलिस इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और वारदात से जुड़े घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने के लिए गहन जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी और मृतका एक-दूसरे को कुछ समय से जानते थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया और अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। अधिकारी ने कहा कि आरोपी से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बहन ने दोस्त को दी खबर
मुस्कान के दोस्त अमन ने बताया कि वह तीन बहनों में सबसे छोटी थी। अमन के मुताबिक, चंडीगढ़ में रहने वाली मुस्कान की बड़ी बहन ने उसे फोन कर तुरंत घर पहुंचने को कहा। बहन ने बताया कि किसी ने मुस्कान पर चाकू से हमला किया है। अमन ने कहा कि उसने तुरंत अपने एक दोस्त को फोन कर घर पहुंचने और मुस्कान को अस्पताल ले जाने के लिए कहा। उसके पहुंचने से पहले ही एंबुलेंस मौके पर आ चुकी थी और मुस्कान को अस्पताल ले जाया जा चुका था। हालांकि, गंभीर चोटों के चलते उसकी मौत हो गई।
वह पीछा करता और शादी का दबाव बनाता था’
मृतका मुस्कान पढ़ाई के साथ-साथ पार्ट टाइम मॉडलिंग भी करती थी। घटना के बाद उसके एक करीबी दोस्त ने इमरान को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। दोस्त के मुताबिक, शाम करीब 7 बजे मुस्कान की बहन ने उसे फोन कर बताया कि मुस्कान पर चाकू से हमला किया गया है और हमलावर इमरान है। दोस्त ने दावा किया कि इमरान मुस्कान के जिम में ट्रेनर था और वह लंबे समय से उसे परेशान कर रहा था। उसके मुताबिक, मुस्कान इमरान से दूरी बनाना चाहती थी, लेकिन जब वह उससे बात करने से मना करती तो आरोपी कथित तौर पर उसका पीछा करता था। मुस्कान के दोस्त ने यह भी दावा किया कि इमरान उस पर शादी करने के लिए दबाव बनाता था। दोस्त के मुताबिक, मुस्कान उससे पीछा छुड़ाना चाहती थी, लेकिन इमरान कथित तौर पर बार-बार उसके संपर्क में आने की कोशिश करता था।
‘मुस्कान को परेशान करता था इमरान’
अमन ने दावा किया कि मुस्कान की बहनों ने उसे बताया था कि इमरान उसे परेशान करता था। अमन के अनुसार, इमरान पहले भी इस तरह की हरकत कर चुका था। इसी वजह से घटना के बाद परिवार और परिचितों को उस पर शक हुआ।



