अनूठा प्रदर्शन:कफन ओढ़कर लेटे युवा कांग्रेसी, चौक पर पकौड़े भी तले, स्टूडेंट्स को बांटे लॉलीपॉप

- पीएम के जन्मदिन को युवा कांग्रेस ने राष्ट्रीय बेराेजगार दिवस के रूप में मनाया
युवा कांग्रेसियों ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर राष्ट्रीय बेरोजगार दिवस मनाते हुए अनूठा प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेसी रोजगार की मांग को लेकर कफन ओढ़कर लेट गए थे। वहीं मानव मंदिर चौक पर युवा कांग्रेसियों ने पकौड़े तले। एनएसयूआई की टीम ने कॉलेज स्टूडेंट्स को लॉलीपॉप बांटे और कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने लोकसभा चुनाव के पहले कहा था कि हर साल देशभर के 2 करोड़ बेरोजगारों को रोजगार देंगे पर यह केवल जुमला साबित हुआ। रोजगार तो दूर जो युवा बड़ी मुश्किल से नौकरी कर रहे थे, उन्हें घर का रास्ता दिखा दिया गया।
कोरोनाकाल में कई युवा बेरोजगार हो गए। यहां परेशान युवाओं को आत्महत्या करनी पड़ गई। शिक्षित बेरोजगारों को मजबूरी में पकौड़े बेचने पड़ रहे हैं। बेरोजगार दिवस मनाते हुए युवा कांग्रेसियों ने विधानसभा अध्यक्ष चेतनभानुशाली के नेतृत्व में मानव मंदिर चौक पर स्टॉल लगाया। इंजीनियरिंग के छात्रों के साथ मिलकर पकौड़े तले। चाय बनाकर लोगों में वितरण किया। बेरोजगार युवाओं ने केन्द्र सरकार के खिलाफ में जमकर नारे लगाए। युवाओं ने आक्रोश जताते हुए कहा कि जब से केंद्र में भाजपा की सरकार सत्ता में आई हैं तब से लेकर अब तक जनता को लॉलीपॉप ही देते आई है। युवाओं के कॅरियर व रोजगार का सपना दिखावा ही साबित हुआ है। बेरोजागारी बढ़ती जा रही है। इसका समाधान निकालना चाहिए।
वादाखिलाफी को देखते हुए आज युवा लाचार हैं
इधर युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष हाफिज वारसी और मानव देशमुख के नेतृत्व में मोदी जी रोजगार दो या कफन दो के नारों के साथ रोजगार की मांग की गई। कफन ओढ़कर प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस से मानव देशमुख ने कहा कि प्रधानमंत्री लगातार युवाओं को छल रहे हैं। मोदी ने प्रतिवर्ष 2 करोड़ नौकरी का वादा किया था और मोदी के वादाखिलाफी को देखते हुए आज युवा लाचार हैं। कार्यक्रम में मुख्य रूप से राजीव सोलंकी, अभिमन्यु मिश्रा, हनीफ, दिनु साहू आदि मौजूद रहे।
युवाओं के साथ किया धोखा
युवा कांग्रेस के राजनांदगांव विधानसभा अध्यक्ष चेतन ने कहा कि लोकसभा चुनाव के पहले सपने दिखाए थे कि हर साल 2 करोड़ से ज्यादा युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा पर स्थिति यह है कि केन्द्र सरकार ने बेरोजगारों की सुध ही नहीं ली। इस तरह केन्द्र सरकार की ओर से उच्च शिक्षित युवाओं के साथ धोखा गया है। उच्च शिक्षा ग्रहण करने के बाद भी युवाओं को पकौड़े तलने पड़ रहे हैं, चाय बेचकर गुजारा करना पड़ रहा है। प्रदर्शन में लक्ष्मण साहू,वीरेंद्र चंद्राकर,राकेश चंद्राकर, ऐनी मखीजा आदि शामिल हुए।
युवाओं को बेरोजगारी का पाठ पढ़ाया
एनएसयूआई की टीम ने शिवनाथ कॉलेज में जाकर युवाओं को बेरोजगारी का पाठ पढ़ाया और बताया कि देश के प्रधानमंत्री वादा करते हैं कि हर साल करोड़ों युवाओं को रोजगार देंगे और यह सब जुमला साबित होता है। पार्षद ऋषि शास्त्री के नेतृत्व में एनएसयूआई की टीम ने छात्र-छात्राओं को लॉलीपॉप का वितरण किया। पार्षद शास्त्री ने कहा कि लगाकर देश में बेरोजगार युवाओं की संख्या बढ़ रही है जो कि बेहद शर्मनाक है। एनएसयूआई जिला उपाध्यक्ष राजा यादव ने छात्र छात्राओं को लाॅलीपाॅप बांटे गए।



