अपना जिलाछत्तीसगढ़ विशेषदुर्ग जिलास्थानीय समाचार

BSP बोरिया गेट के सामने ट्रक चालकों का उत्पात, BSP कर्मचारी गंभीर हादसे का शिकार होने से बचा…

4 अगस्त 2021 | भिलाई |  भिलाई इस्पात संयंत्र के बोरिया गेट के सामने मंगलवार को ट्रक चालकों ने जमकर उत्पात मचाया। वे एक बीएसपी कर्मचारी को मारने रॉड और सब्बल लेकर ढूंढते हुए दहशत फैला रहे थे। इस पर कर्मचारियों ने नाराजगी जताई है। इसके लिए संयंत्र प्रबंधन और सीआईएसएफ की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। मंगलवार की अलसुबह कर्मचारी ए शिफ्ट में ड्यूटी जा रहे थे। इस दौरान बोरिया गेट पर भारी वाहनों की कतार लगी थी। ट्रक ट्रेलर भी अंदर प्रवेश कर रहे थे, तभी एक कर्मचारी के दोपहिया को ट्रक से ठोकर लग गई।

बीएसपी कर्मचारी गंभीर हादसे का शिकार होने से बच गया। इस पर ट्रक चालक से उनकी कहा-सुनी हो गई। अभद्रता करने पर कुछ कर्मियों ने ट्रक चालक की पिटाई कर दी। इसके बाद बड़ी संख्या में ट्रक चालक एकत्रित हो गए। सभी अपने-अपने ट्रक से रॉड और सब्बल लेकर भीड़ में उस बीएसपी कर्मचारी को मारने के लिए ढूंढने लगे। वे गाली गलौज और हाथ में रॉड व सब्बल लेकर आधे घंटे तक दहशत फैलाते रहे। इससे कर्मचारी सकते में आ गए थे। बाद में सीआईएसएफ के जवान पहुंचे और ट्रक चालकों को शांत किया।

कर्मियों की सुरक्षा को लेकर खुद संयंत्र प्रबंधन गंभीर नहीं

बोरिया गेट के समने वाहनों की बेतरतीब पार्किंग और ट्रक चालकों की मनमानी को लेकर सीटू लगातार आगाह करती रही है। सीटू की अध्यक्ष सविता मालवीय ने इस संबंध में सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग के प्रभारी जीपी सिंह से चर्चा की थी, तब उन्होंने त्वरित कार्यवाही करते हुए, ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की गई थी। कुछ समय तक व्यवस्था ठीक रही,  लेकिन जवानों के हटने के बाद एक माह से फिर वही ढर्रा शुरू हो गया है।

ट्रेलर के खड़े होने पर लगाए पाबंदी

सीटू की अध्यक्ष ने कहा कि बोरिया गेट चौक पर ट्रक व ट्रेलर के खड़े होने पर पूरी तरह पाबंदी हो। उनके लिए पार्किंग एवं टोकन की व्यवस्था की जाए। नो एंट्री समय में इनकी आवाजाही पर रोक लगनी चाहिए। इस पर भी प्रबंधन को ध्यान देना होगा नहीं तो, कर्मियों के धैर्य खोने की स्थिति में मामला कभी भी और विस्फोटक हो सकता है।

Related Articles

Back to top button