आरएसएस पर टिप्पणी करने से पहले मरकाम अपनी पार्टी और प्रदेश सरकार के दागदार दामन में झाँक लें : भाजपा


छत्तीसगढ़ में शराब की कोचियागिरी तक पर उतर आए कांग्रेस के लोग रास्वसं पर बेज़ा टिप्पणी कर रहे : नेताम
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने कोरोना संकट के चलते लॉकडाउन में फँसे पैदल लौट रहे प्रवासी मजदूरों के नाम पर अपनी ओछी राजनीतिक मानसिकता का परिचय देने पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम पर जमकर निशाना साधा है। भाजपा ने कहा है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर निष्क्रियता का आरोप मढ़ने से पहले कांग्रेस अध्यक्ष को अपनी पार्टी और अपनी प्रदेश सरकार के दागदार दामन में झाँक लेना चाहिए।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विक्रम उसेंडी ने कहा कि कोरोना संकट के इस भयावह दौर में रास्वसं के स्वयंसेवकों ने हर प्रभावित परिवार तक पहुँचकर सहायता मुहैया कराई है। प्रवासी मजदूरों को त्रासदी में धकेलकर केंद्र सरकार को बिलावजह कोसने वाले कांग्रेस के नेताओं को अपनी काली करतूतों से मुँह चुराने के लिए रास्वसं को घसीटने पर शर्म महसूस करनी चाहिए। दिल्ली, पंजाब, महाराष्ट्र आदि राज्यों की सरकारों ने झूठ बोलकर लॉकडाउन के दौर में अपने राज्यों से बाहर निकल जाने के लिए उकसाया और संबंधित राज्यों को बताए बिना उन प्रवासी मजदूरों को उनके प्रदेशों की सीमा पर परेशान और प्रताड़ित होने के लिए छोड़ दिया। श्री उसेंडी ने कहा कि केंद्र सरकार ने जब इन प्रवासी मजदूरों की वापसी के लिए विशेष ट्रेनें चलाने की तैयारी दिखाई तो कांग्रेस के मुख्यमंत्री समेत तमाम नेता घिनौनी सौदेबाजी करके अपने राजनीतिक चरित्र का परिचय देने लगे थे। कांग्रेस अध्यक्ष मरकाम पहले अपनी सरकार की कलंक-कथा पढ़ लें, उसके बाद रास्वसं के सेवा कार्यों पर कोई टिप्पणी करने की सोचें। मजदूरों को सड़कों पर उतरने और पैदल चलकर अपने प्रदेशों में जाने के लिए कांग्रेस और उसके गठबंधन की सरकारें ज़िम्मेदार हैं।



