बिलासपुर जिला

जवानों की सख्ती:34 लाख रुपए के साथ पकड़े गए 6 लेबर सरदार, पूछताछ में पुलिस को लगातार करते रहे गुमराह

हिर्री थाना पुलिस ने छह ऐसे आरोपियों को पकड़ा है, जो स्कार्पियो में अवैध तरीके से 34 लाख रुपए रखकर सफर कर रहे थे। पूछताछ में उन्होंने खुद को लेबर सरदार बताया है। उनके मुताबिक वे महासमुंद से राजस्थान तक मजदूरों को विभिन्न माध्यम से लाने और लेकर जाने का काम करते हैं। मंगलवार को जब सभी पुलिस की गिरफ्त में आए तब उन्होंने बताया कि रास्ता भटककर बिलासपुर मार्ग पर पहुंचे थे।

पकड़े गए दो आरोपियों में 40 वर्षीय निमिश पटेल और गौरीशंकर बलौदा बाजार के रहने वाले हैं। पुलिस इन्हीं दोनों आरोपियों को टीम का मुखिया बता रही है। उनके मुताबिक क्षेत्र से मजदूरों को राजस्थान लेकर जाने काम यही करते आ रहे हैं। इनके अलावा मुन्नालाल, रुखमन नायक, त्रिपाल पटेल और मनहरण साहू भी पकड़े गए हैं। सभी यह पैसे स्कॉर्पियो क्रमांक सीजी 25 टी 5234 में रखकर बिलासपुर से महासमुंद मार्ग की ओर रवाना हो रहे थे तभी उन्हें भोजपुरी टोल नाके के पास घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पकड़े जाने के बाद सभी आरोपी पुलिस को पैसों को लेकर कई तरह से गुमराह करते रहे। लेकिन हिर्री टीआई यूएन शांता कुमार और साइबर सेल के जवानों की सख्ती के आगे टूट गए और उन्होंनें पूरा मामला सामने रख दिया।

पुलिस ने मामले में धारा 102 लगाकर आगे की कार्रवाई के लिए आयकर विभाग के पास प्रकरण को सौंप दिया है। टीआई कुमार का कहना है कि इसके बाद की कार्रवाई आयकर विभाग की टीम करेगी। पैसों की वैधता के अलावा बाकी बातें इनकम टैक्स डिपार्टमेंट को देखनी पड़ेगी।

Related Articles

Back to top button