
दूतावास ने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना जताई है और स्थानीय प्रशासन व कंपनी प्रबंधन के साथ मिलकर घायलों को जरूरी सहायता उपलब्ध कराने की बात कही है। दूतावास ने बयान जारी कर कहा है कि हम इस दुखद घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हैं और कंपनी प्रबंधन तथा स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर प्रभावित श्रमिकों को हर संभव सहायता उपलब्ध करा रहे हैं।
जेलेंस्की ने हमले को बताया जायज
वहीं यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने इस हमले को लेकर कहा कि रूस पर किया गया यह हमला पूरी तरह जायज था। उन्होंने कहा कि रूस लगातार यूक्रेन के शहरों और नागरिक इलाकों पर हमले कर रहा है, इसलिए यूक्रेन की जवाबी कार्रवाई उचित है। जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन के लंबी दूरी तक मार करने वाले ड्रोन मॉस्को क्षेत्र तक पहुंचे हैं और यह रूस के लिए साफ संदेश है कि उसे युद्ध खत्म करना चाहिए। बता दें कि, कुछ दिन पहले रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर बड़े पैमाने पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए थे, जिसमें कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई थी।
रूस का दावा- 600 से ज्यादा ड्रोन रोके गए
रूस के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, यूक्रेन ने रातभर में करीब 600 ड्रोन से हमला किया। जिसमें से रूसी एयर डिफेंस सिस्टम ने 556 ड्रोन को मार गिराए, जबकि सुबह के बाद 30 और ड्रोन रोके गए। रूस ने दावा किया कि ड्रोन हमले 14 अलग-अलग क्षेत्रों में किए गए। इसके अलावा क्रीमिया, ब्लैक सी और आजोव सागर के ऊपर भी ड्रोन इंटरसेप्ट किए गए। रूसी अधिकारियों के अनुसार, इस बड़े हमले में कुल चार लोगों की मौत हुई है। इसे अब तक के सबसे बड़े यूक्रेनी ड्रोन हमलों में से एक माना जा रहा है।



