मामला दर्ज:बाइक से शराब बिहार ले जाने के दौरान पकड़ाए तीनों आरोपियों को भेजा जेल

- शराब तस्कर सहित शराब दुकान के मैनेजर पर मामला दर्ज किया गया
भेलवाघाटी थाना पुलिस ने बीते देर रात को गुप्त सूचना पर अवैध शराब के खिलाफ किए गए कार्रवाई में हिरासत में लिए गए तीनों आरोपियों को मंगलवार को जेल भेज दिया गया। साथ ही भेलवाघाटी थाना में शराब तस्कर सहित शराब दुकान के मैनेजर पर मामला दर्ज किया गया।
इस बाबत भेलवाघाटी थाना प्रभारी प्रशांत कुमार ने बताया कि सोमवार रात को भेलवाघाटी थाना क्षेत्र के तेतरिया से शराब के साथ हिरासत में लिए गए क्रमशः बिहार के सोनो थाना क्षेत्र के बरहाबाद गांव के इंद्रदेव कुमार यादव, कठरहाटांड़ गांव के विपिन कुमार व चकाई थाना क्षेत्र के कछुवा गांव महेंद्र सोरेन व देवरी थाना क्षेत्र के पुरनीगड़िया गांव के शराब दुकान के मैनेजर रवि गुप्ता के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। वहीं हिरासत में लिए गए तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया। तीनों लोग देवरी थाना क्षेत्र के चतरो शराब दुकान से भारी कार्टून में भारी मात्रा में शराब की बोतल पैक कर बिहार ले जा रहे थे। तेतरिया के पास पुलिस को देख तीनों भागने का प्रयास किया, लेकिन तीनों को पुलिस ने शराब के साथ दबोच लिया।



