रायगढ जिला

घरों में घुसा पानी:देवरी में अतिक्रमण ने रोकी पलको नदी की धारा, घरों में घुसने लगा पानी

कस्बे सहित आसपास के क्षेत्र में बीते चार दिनों से हो रही भारी बारिश से तलहटी की नदियां उफनकर क्षेत्रवासियों के लिए मुसीबत बनी हुई हैं। बीते शुक्रवार से लगातार बारिश होने से कस्बे के बाजार में फिर से लॉकडाउन जैसे हालात हो गए हैं। मुख्य बाजार की सड़क पर करीब एक फीट पानी भरने व कई दुकानों में पानी घुसने से दुकानदारों का नुकसान हुआ है। कस्बे के बीच से गुजर रही पलको नदी के बहाव क्षेत्र में अतिक्रमण होने से पानी बस्तियों में घुसने से लोगों का नुकसान हुआ है। निचली बस्ती के लोग रातभर जाग रहे हैं। वहीं जरूरी सामानों को रिश्तेदारों, मिलने वालों के यहां ऊंचे स्थानों पर पहुंचकर परिवार सहित शरण ले रहे हैं।

घरों में पानी भरने से घरेलू सामान खराब हो गया। गंगोलियापुरा मोहल्ला से गुजर रहे चोराखाड़ी रोड पर बने पुल का आधा हिस्सा तेज बहाव से क्षतिग्रस्त हो गया। जमधारा, पलको, कुनू व रेपी नदी में आए उफान से सड़क मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। क्षेत्र में हो रही बारिश को देखते हुए एडीएम राहुल मल्होत्रा स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। मंगलवार को कलेक्टर राजेंद्र विजय ने देवरी का दौरा कर बाढ़ के हालातों का जायजा लिया। इसके अलावा सिरसीपुरा तलाब की स्थिति को देखकर आवश्यक निर्देश दिए। मंगलवार सुबह से ही झमाझम बारिश का दौर चलने से लोगों की चिंताएं बढ़ गई हैं। सिरसीपुरा तलाब टूटने की संभावना से लोगों की बेचैनी बढ़ गई है। पलको नदी की रपट पर पांच फीट से अधिक पानी की चादर चलने से रातभर मार्ग अवरुद्ध रहा।छीपाबड़ौद| कस्बे सहित क्षेत्रों में लगातार चार दिनों से हो रही बारिश के कारण जन-जीवन प्रभावित हो गया है। कच्चे-पक्के मकान भी टपकने लगे हैं। कई लोगों के कच्चे पक्के मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। नदी-नाले भी उफान पर हैं। जिससे कस्बे का कई गांवों से संपर्क कट गया है। इस कारण लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। खेतों में भरे पानी के कारण किसानों को फसल गलने की चिंता सता रही है।

बारिश के चलते मजदूरी करने वालों के सामने रोटी-रोजी की समस्या उत्पन्न हो गई है। पछाड़ पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि मूलचंद शर्मा ने बताया कि पंचायत के गांव हरनावदा जागीर, पछाड़, गुलखेड़ी, गोविंदपुरा, मियाड़ा में भी जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई कच्चे-पक्के मकान ढह गए हैं। जिनका निरीक्षण पटवारी व कांग्रेस के जिला सचिव ने किया है। साथ ही कई कार्य भी वर्षा के कारण सुचारू रूप से नहीं हो पा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button