ऑपरेशन मानसून से नक्सलियों में बौखलाहट:उसूर में विस्फोटक पदार्थ के साथ 2 लोग हुए गिरफ्तार, नारायणपुर के बाद अब बीजापुर में बड़ी घटना को अंजाम देने के फिराक में थे नक्सली

बस्तर में पुलिस के द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन मानसून से अब नक्सलियों में जबरदस्त बौखलाहट देखने को मिल रही है। नारायणपुर के बाद अब बीजापुर में नक्सली किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने उनके मंसूबो को नाकाम कर दिया। जिले के उसूर थाना क्षेत्र से शुक्रवार को भारी मात्रा में विस्फोटक पदार्थों व 1 लाख रुपए से ज्यादा की रकम के साथ 2 नक्सली सहयोगी गिरफ्तार किए गए हैं। जिन्हें शनिवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। ASP पंकज शुक्ला ने इसे पुलिस की बड़ी कार्रवाई बताया है।
वाहनों की तलाशी के दौरान पकड़ाया पापैया
पुलिस को पुख्ता खबर मिली थी कि उसूर-गलगम मार्ग से विस्फोटक पदार्थों की सप्लाई होने वाली है। इसी सूचना के आधार पर शुक्रवार को उसूर-गलगम मार्ग पर पुलिस ने नाकेबंदी कर आने-जाने वाली वाहनों की तलाशी लेनी शुरू की। इस बीच एक व्यक्ति पुलिस की नाकेबंदी को देख अपनी बाइक से वापस भागने की कोशिश करने लगा। लेकिन पुलिस ने उसका पीछा कर पकड़ लिया। पूछताछ में इसने अपना नाम पापैया बताया। इसकी तलाशी के दौरान पुलिस ने 2 फिट लंबा कॉर्डेक्स वायर, डेटोनेटर सहित लगभग 26770 रुपए बरामद किए।
इंदिरापारा से हुई आंदा की गिरफ्तारी
पुलिस के द्वारा की गई पूछताछ में माओवादी सहयोगी पापैया ने इसमें एक अन्य व्यक्ति माड़वी आंदा का शामिल होना भी बताया। जिसे पुलिस ने इंदिरापारा नड़पल्ली से गिरफ्तार किया गया है। आंदा के पास से भी कॉर्डेक्स वायर, 700 ग्राम काला रंग का अमोनिया नाइट्रेट, 200 ग्राम सल्फर ग्रेनज्युल्स, इलेक्ट्रिक वायर, टिफिन, पेंसिल सेल सहित एक लाख रुपए भी बरामद किया गया है। इन दोनों माओवादियों के पास से भारी मात्रा में बरामद विस्फोटक पदार्थों को देख पुलिस के भी होश उड़ गए हैं।
अकिला ने मुया तक पहुंचाने की दी थी जिम्मेदारी
नक्सली सहयोगी पापैया ने पुलिस को बताया कि महिला माओवादी अकिला ने ये सभी विस्फोटक पदार्थ व पैसे उसे दिए थे। जिसे लेकर इंदिरापारा नड़पल्ली में मौजूद माड़वी आंदा तक लेकर जाना था। आंदा के पास भी भारी मात्रा में विस्फोटक पदार्थ थे। इन सभी सामानों को इकठ्ठा कर फिर जंगल के रास्ते होते हुए मिलिशिया कमांडर मुया को देना था। इन समानों से नक्सली IED बना कर सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के लिए इलाके में प्लांट करने वाले थे।लेकिन पुलिस ने माओवादियों के मंसूबों को नाकाम कर दिया है।
16 जून को भी सप्लाई टीम के सदस्यों को किया गया था गिरफ्तार
बीजापुर जिले के आवापल्ली से 16 जून को माओवादियों के सप्लाई टीम के 2 सदस्य कोरसा लालैया (40) व कोरसा शंकर (20) को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने इनके पास से लगभग एक दर्जन से अधिक ग्लूकोज, दर्द की दवाइयां, एंटी बायोटिक इंजेक्शन, हैंड सेनिटाइजर, नक्सली बैनर पोस्टर सहित अन्य दवाइयां भी बरामद की थी।



