67 कोरोना वॉरियर्स को किया सम्मानित:पीजी कॉलेज मैदान में कैबिनेट मंत्री टीएस सिंहदेव ने ध्वजारोहण के बाद ली परेड की सलामी

शहर के पीजी कॉलेज मैदान में हुए 75वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में कैबिनेट मंत्री टीएस सिंहदेव ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्रीय गान व पुलिस जवानों की बैंड के राष्ट्रगान के धुन पर राष्ट्रीय सलामी दी गई। मुख्य अतिथि सिंहदेव ने जनता के नाम मुख्यमंत्री का संदेश पढ़ा।
इस मौके पर सशस्त्र प्लाटून जिला पुलिस बल व नगर सेना के होमगार्ड ने मुख्य अतिथि को सलामी दी। समारोह में 67 कोरोना वॉरियर्स डॉक्टर, पुलिसकर्मी, स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान पंडरिया विधायक ममता चंद्राकर, कलेक्टर रमेश कुमार शर्मा, पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग और नीलू चंद्रवंशी उपस्थित रहे। समारोह में कैबिनेट मंत्री टीएस सिंहदेव ने 4 शहीद जवान आरक्षक झल्लु प्रसाद नेवले, आरक्षक चंद्र सिंह मेरावी, प्रधान आरक्षक राजकुमार यादव और एएसआई मिलन सिंह के परिजन को मंच पर आमंत्रित कर शॉल, श्रीफल व उपहार भेंटकर कर सम्मानित किया गया। नक्सली मुठभेड़ और ड्यूटी के दौरान कोरोना संक्रमित होने से इन जवानों की असमायिक मृत्यु हुई थी।
एसपी ने किया बुजुर्गों का सम्मान: पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एसपी मोहित गर्ग ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान एसपी श्री गर्ग ने वृद्धाश्रम के बुजुर्गों का सम्मान किया। बालगृह के बच्चों के लिए जनरल नॉलेज व आवश्यक किताबें भेंट की। इसके साथ ही खिलाड़ियों को हॉकी, बेसबॉल खेल सामग्री व आवश्यक खेल सामग्री देकर उनका मनोबल बढ़ाया।
कलेक्टर ने राष्ट्रपिता की प्रतिमा को किया नमन
कलेक्टोरेट में कलेक्टर रमेश कुमार शर्मा ने ध्वजारोहण किया। इसके पूर्व उन्होंने परिसर में स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि देश भक्ति की जज्बा हर किसी के दिल में होनी चाहिए। शासकीय सेवक के रूप में देश की क्या अपेक्षाएं है, इसके लिए सभी को भारतीय नागरिक होने के नाते अपने कार्यों और दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता और ईमानदारी से करना चाहिए। जिला पंचायत में अध्यक्ष सुशीला भट्ट ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान जिपं सीईओ विजय दयाराम के उपस्थित रहे।



