छत्तीसगढ़ विशेष

हत्या या आत्महत्या:पेड़ पर लुंगी के सहारे लटका मिला कंकाल 15 दिन पुराना बता रही पुलिस, जांच शुरू

  • घुचापुर पंचायत की झाड़ी में मिला पुरुष का कंकाल
  • कपड़ा और साइकिल देखकर पत्नी और भाई ने की शिनाख्त, पोस्टमार्टम के लिए भेजा कंकाल

घुंचापुर पंचायत के झाड़ी में शुक्रवार को नर कंकाल मिला। ग्रामीणों की सूचना पर उदयपुर पुलिस के साथ डॉक्टरों व एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। मृतक की शिनाख्त उसकी पत्नी और भाई ने कपड़ा और साइकिल पहचान कर की। पुलिस ने कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

उदयपुर थाना अंतर्गत घुंचापुर के कुछ लोग झाड़ियों की ओर बैल चराने गए हुए थे। इस दौरान लोगों को सड़ी-गली लाश की बदबू आने लगी। नजदीक जाकर देखा तो पेड़ पर एक व्यक्ति का कंकाल लटकी हुई है। इसकी जानकारी सरपंच के साथ लोगों को दी। कोटवार के माध्यम से मामले की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी सहित टीम मौके पहुंची और जायजा लिया। पुलिस ने बताया कि लुंगी के सहारे शव फांसी पर लटका हुआ था। शव की हालत देख पुलिस का अनुमान है कि शव 15 दिन पुराना है। इस कारण शरीर का पूरा हिस्सा गल चुका था, सिर्फ कंकाल ही बचा था। थाना प्रभारी ने अंबिकापुर के एफएसएल अधिकारी एके सिंह और डॉक्टर अर्पित सिंह और प्रेमा कुजूर को जानकारी देकर मौके पर बुलाया। वहीं शव की शिनाख्ती का प्रयास शुरू किया। इसी दौरान मृतक की शिनाख्त नुनेरा निवासी रामकुमार कोराम उम्र 47 वर्ष के रूप में हुई। मृतक की शिनाख्त पत्नी सुखमनिया, भाई शिवशंकर व रामगोपाल ने लुंगी और बगल में रखी साइकिल से की।

पहले भी बिना बताए रहता था गायब
परिजन ने बताया रामकुमार 29-30 जुलाई से निकला था। पहले भी वह बिना बताए घर से चला जाता था और कई दिन बाद घर लौटता था। इस कारण थाने में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई। वहीं मृतक दिमागी रूप से थोड़ा कमजोर था। मृतक की दो पत्नी थीं। पहली पत्नी के बच्चे नहीं होने के कारण दूसरी शादी की थी, जिससे 6 बच्चे हैं। मृतक की पहचान करने उसकी दूसरी पत्नी आई थी।

15 दिन पुराना है शव जल्द होगा खुलासा
शव की स्थिति देख पुलिस का अनुमान है कि शव 15 दिन पुराना है। शिनाख्त होने के बाद मामले में जांच-पड़ताल की जा रही है। जल्द ही मामले में खुलासा होगा कि यह हत्या है या आत्महत्या।

आत्महत्या करने का संदेह: थाना प्रभारी
मामले में थाना प्रभारी धीरेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि घटना देखकर खुदकुशी करने का संदेह हो रहा है। अधिक दिन की घटना होने के कारण शरीर में कंकाल ही था। थोड़े हिस्से में चमड़ी लटकी थी। मृतक के परिवार ने बताया कि जादू मंत्र की बात भी करता था। मौके पर एफएसएल और डॉक्टरों की टीम ने छानबीन की है। मामले की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button