रायगढ जिला

जलसंकट:अमृत मिशन की लाइन में फॉल्ट, ट्रांसफार्मर जला 40 मोहल्लों में 30 घंटे तक ठप रही वाटर सप्लाई

  • किसी ने पड़ोसी के बोर से चलाया काम तो कुछ मोहल्ले टैंकरों के भरोसे, शुक्रवार सुबह भी बाधित रहेगी सप्लाई

सप्लाई लाइन में फॉल्ट आने और ट्रांसफार्मर जलने से गुरुवार को शहर के 40 से अधिक मोहल्लों में 30 घंटे से अधिक समय तक पानी सप्लाई नहीं हो सकी। लोगों ने पड़ोसियों के बोर से पानी मांग कर काम चलाया । कुछ मोहल्लों में निगम ने पानी के टैंकर भेजकर जरूरत का पानी दिया। गुरुवार देर शाम ट्रांसफार्मर बदला गया लेकिन टंकियां नहीं भर पाने के कारण शहर के निगम के आसपास वाले इलाकों में शुक्रवार सुबह भी पानी सप्लाई बाधित रहेगी।

सीजीएम बंगले के पास अमृत मिशन का काम करने के लिए बुधवार को नगर निगम के जल विभाग ने कुछ घंटों के लिए सप्लाई बाधित होने की सूचना दी थी। सुबह पानी की सप्लाई देने के बाद शाम तक दोबारा सप्लाई लाइन शुरू कर देने की बात कही गई। लेकिन गुरुवार शाम तक काम पूरा नहीं हो सका। इसी बीच बुधवार देर रात चांदमारी फिल्टर प्लांट का ट्रांसफार्मर जल गया । ट्रांसफार्मर जलने से किसी भी टंकी में पानी नहीं भरा जा सका ।

गुरुवार को 40 से अधिक मोहल्लों में निगम का पानी नहीं पहुंचा। लालटंकी क्षेत्र, लाल टंकी क्षेत्र, काली टंकी (नटवर स्कूल) का क्षेत्र इससे प्रभावित हुआ। साथ ही सीजीएम बंगले वाले हिस्से में आने वाले अधिकतर मोहल्लों में भी गुरुवार शाम तक पानी सप्लाई बाधित रही ।

बापूनगर, रामभाठा, चांदनी चौक, बजरंगपारा सहित अन्य मोहल्लों में पानी टैंकर से पानी सप्लाई किया गया। 3 हजार लीटर क्षमता वाले 10 से अधिक टैंकर प्रभावित मोहल्लों में सुबह से शाम तक भेजे गए । निचली बस्तियों में बोरिंग की व्यवस्था होने के कारण ज्यादा दिक्कत नहीं हुई। चांदमारी फिल्टर प्लांट के पास जले ट्रांसफार्मर को शाम 5 बजे तक बदल लिया गया था। लेकिन टंकियों को भरने में 6 घंटे से अधिक का समय लगता है। इसलिए शाम को भी कई मोहल्लों में पानी की सप्लाई शुरू नहीं हो पाई।

अमृत मिशन की सप्लाई लाइन में आए दिन गड़बड़ी
अप्रैल में जल आवर्धन की पाइपलाइन में फॉल्ट से इस क्षेत्र के 4 वार्डों के 1600 से अधिक घरों में पानी नहीं पहुंच पाया था । गर्मी से लेकर अब तक लगातार अमृत मिशन लाइन विस्तार का काम किया जा रहा है। लेकिन काम करने के लिए जो समय निर्धारित किया जाता है। इस समय में कभी भी काम पूरा नहीं हो पाता। जिसका खामियाजा आम व्यक्तियों को भुगतना पड़ता है।

फैक्ट फाइल

  • दो फिल्टर प्लांट एक की क्षमता 17 मेगा- लीटर प्रतिदिन, दूसरी की 9 मेगा-लीटर
  • 10 हजार पुराने कनेक्शन (प्रति व्यक्ति 90 लीटर पानी)
  • परिवार में 5 व्यक्ति औसत के हिसाब से रोजाना 45 लाख ली.
  • अन्य कनेक्शन से हर रोज लगभग 2 करोड़ 60 लाख लीटर पानी की सप्लाई शहर में
  • 48 वार्डों में कुल अब तक 30 हजार कनेक्शन

Related Articles

Back to top button