SP नाराज:अपराध सीपत थाना क्षेत्र में, एसपी के आदेश पर पहुंची तारबहार थाने की पुलिस, एसपी ने कहा सीपत थाने के टीआई से मांगा जाएगा स्पष्टीकरण

बिलासपुर एसपी दीपक झा ने शहर में जुआ सट्टा पर कठोर कार्यवाही करने के निर्देश जारी किए हैं। बावजूद इसके सीपत थाना क्षेत्र में धड़ल्ले से जुआ खिलाया जा रहा है। इसको लेकर अब एसपी दीपक झा ने सीपत थाने के टीआई से स्पष्टीकरण मांगने की बात कही है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर सख्त कार्रवाई की बात भी उन्होंने कही है।
दरअसल, गुरुवार शाम सीपत थाना क्षेत्र के जंगल में बड़े पैमाने पर जुआ खेले जाने की सूचना बिलासपुर एसपी दीपक झा को मिली थी। जिसके बाद उन्होंने तार बहार थाना प्रभारी कलीम खान को विशेष टीम गठित कर कार्रवाई करने का निर्देश जारी किया था। निर्देश जारी होने के बाद कलीम खान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापा मारते हुए सीपत सोठी के जंगल में टेंट लगा कर जुआ खेलते हुए 16 ग्रामीणों को गिरफ्तार किया था। इस कार्रवाई में पुलिस ने 16 जुआरियों से सवा लाख रुपए, वाहन समेत मोबाइल भी जब्त किया गया था।
मुखबीरों ने दे दी थी छापे की सूचना
सूचना के आधार पर जब पुलिस टीम जंगल में छापा मारने पहुंची तब तक तेज बारिश शुरु हो चुकी थी। जिसके बाद जुआरियों के पास खड़े मुखबीरों ने छापे की खबर अपने साथियों को दे दी। जिससे जुआरियों के बीच में हड़कंप मच गया और वह इधर-उधर भागने लगे। लेकिन सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल कर ली।
कार्रवाई का है निर्देश, लेकिन सीपत में अभी भी चल रहा जुआ सट्टा
दरअसल बिलासपुर एसपी दीपक झा ने बिलासपुर जिले की कमान अपने हाथों में लेते ही जुआ सट्टा पर जिले की पुलिस को सख्त कार्रवाई का आदेश जारी किया था। आदेश के बाद जिले में लगातार छापामार कार्रवाई कर जुआरियों की धर पकड़ भी की गई। लेकिन आदेश के बाद भी सीपत थाना क्षेत्र के अंदरूनी हिस्सों में अभी भी जुआ सट्टा खिलाया जाता है। जिसको लेकर अब एसपी झा नाराज है। इसलिए उन्होंने सीपत थाना इंचार्ज से स्पष्टीकरण मांगने की बात कही है।



