बिलासपुर में कोर्ट के रीडर की तैरती मिली लाश:कोर्ट जाने घर से निकला था, फिर देर रात तक वापस नहीं लौटा, सुबह घोंघा जलाशय में मिला शव; जांच कर रही पुलिस

बिलासपुर जिला कोर्ट के सीनियर रीडर की पानी मे तैरती लाश मिली है। पता चला है की रीडर शुक्रवार को अपने घर से कोर्ट के लिए निकला था, लेकिन वो फिर वापस घर नहीं पहुंचा। जिसके बाद परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट सरकंडा थाना में लिखाई थी। परिजनों को उसकी मौत का पता तब चल सका जब शनिवार सुबह उसकी लाश कोटा स्थित घोंघा जलाशय में तैरता हुई मिली। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक की पहचान शिव कुमार श्रीवास्तव के रूप में की गई है।
चौकीदार ने देखा शव
जानकारी के मुताबिक बिलासपुर जिला कोर्ट में सीनियर रीडर के पोस्ट पर पदस्थ शिव कुमार श्रीवास्तव उम्र 60 वर्ष निवासी राजकिशोर नगर 29 जुलाई को अपने घर से न्यायालय काम पर जाने के लिए निकला था। लेकिन देर शाम तक घर नहीं पहुंचा। इसके बाद परिजनों ने शिवकुमार के लापता होने की रिपोर्ट सरकंडा थाना में दर्ज करवा दी। इस बीच शनिवार सुबह कोटा थाना क्षेत्र के घोंघा जलाशय के चौकीदार ने शिव कुमार की लाश तैरती हुई देखी। जिसकी सूचना कोटा पुलिस को दी गई।
पोस्टमॉर्टम के बाद शव सौंपा गया
सूचना के बाद तत्काल कोटा पुलिस द्वारा मौके पर पहुंच कर तैरती हुई लाश को पानी से बाहर निकला गया। जांच में पता चला कि ये लाश शिव कुमार श्रीवास्तव की है। इसके बाद परिजनों को इसकी जानकारी दी गई। वहीं पोस्टमॉर्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है।
परिजन कह रहे काम का दबाव था
इधर, इस मामले में परिजनों का कहना है कि मृतक शिव कुमार कुछ दिनों से अपने कोर्ट कार्यालय के काम को लेकर परेशान चल रहा था। परिजनों ने आरोप लगाया है कि रीडर के ऊपर अधिकारियों द्वारा काम करने को लेकर दबाव बनाया जा रहा था। इससे मृतक काफी परेशान था। परिजनों ने आशंका जताई है कि उन्होंने काम के दबाव के कारण की यह आत्मघाती कदम उठाया है। फिलहाल कोटा पुलिस मामले की जांच कर रही है।



