प्रदेश सरकार कोरोना की रोकथाम और परीक्षण के प्रति बेहद ग़ैर ज़िम्मेदाराना रवैए का परिचय दे रही : भाजपा


24 घंटों के भीतर 25 नए कोरोना संक्रमितों के मिलने को बेहद गंभीर मामला बताया श्रीवास्तव ने
मुख्यमंत्री का फोकस कोरोना पर कम, हर दूसरे दिन पैसे मांगने और केंद्र को कोसने पर ज़्यादा : संजय
स्वास्थ्य मंत्री संकट के बढ़ने की आशंका जता रहे और मुख्यमंत्री सब कुछ काबू में होने का दावा कर बगलें बजा रहे
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में 24 घंटों के भीतर 25 नए कोरोना संक्रमितों का मिलना बेहद गंभीर मामला है। इससे यह साफ पता चल रहा है कि प्रदेश सरकार कोरोना की रोकथाम और परीक्षण के प्रति बेहद ग़ैर ज़िम्मेदाराना रवैए का परिचय दे रही है। श्री श्रीवास्तव ने कोरोना संक्रमितों के आँकड़ों को लेकर प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर निशाना साधा है और इसे सरकार की विफलता बताया है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री श्रीवास्तव ने कहा कि प्रदेश सरकार कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण के जो लगातार दावे करती आ रही थी, इन नए मामलों ने उन तमाम हवा-हवाई दावों को झूठा साबित कर दिया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रोज कोरोना नियंत्रण की शेखी बघारते नहीं थक रहे थे और इसके लिए झूठी वाहवाही बटोरने में लगे थे। दरअसल प्रदेश के मुख्यमंत्री का फोकस कोरोना की रोकथाम और परीक्षण पर कम, केंद्र सरकार से हर दूसरे दिन पैसे मांगने और गाहे-बगाहे केंद्र सरकार को कोसने की सियासी लफ्फाजियों पर ज़्यादा है। श्री श्रीवास्तव ने कहा कि आधी-अधूरी इच्छाशक्ति और तैयारियों के साथ कोरोना के ख़िलाफ जारी जंग को संक्रमण के नए मामलों और खतरों की नई आशंकाओं में धकेलने के बाद भी मुख्यमंत्री को झूठ की राजनीति पर ज़रा भी अफसोस नहीं हैं।



