5 लाख रुपए का इनामी नक्सली हांदा, पुलिस के गिरफ्त में….

29 जुलाई 2021 | नक्सलियों के शहीदी सप्ताह के पहले दिन दंतेवाड़ा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। कुआकोंडा थाना क्षेत्र से 5 लाख रुपए के एक हार्डकोर इनामी नक्सली हांदा कर्रा माड़वी को जवानों ने गिरफ्तार किया है।
हांदा नक्सलियों के कटेकल्याण एरिया कमेटी सदस्य व एरिया मिलिशिया कमांडर के पद पर पिछले 18 सालों से सक्रिय था। यह कटेकल्याण इलाके में जमकर आतंक मचाया करता था। पुलिस को हांदा की तलाश थी। जिसे बुधवार को जियाकोड़ता के जंगल से जवानों ने गिरफ्तार किया है।
इस पर छत्तीसगढ़ शासन की तरफ से 5 लाख रुपए का इनाम घोषित था। वहीं दंतेवाड़ा SP की ओर से 10 हजार रुपए का इनाम घोषित था। इसकी गिरफ्तारी के बाद अब इलाका थोड़ा शांत होगा। नक्सली हांदा की गिरफ्तारी को दंतेवाड़ा पुलिस एक बड़ी कामयाबी मान रही है।
जियाकोड़ता के जंगल से की गई गिरफ्तारी
जानकारी के मुताबिक, नक्सलियों के शहीदी सप्ताह को देखते हुए दंतेवाड़ा पुलिस अलर्ट हो गई है। पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी, कि जियाकोड़ता व डोंगरीपारा इलाके में भारी संख्या में नक्सलियों की मौजूदगी है। इसी सूचना के आधार पर मंगलवार की देर शाम कुआकोंडा थाना के जिला बल व DRG के जवान इलाके में नक्सल ऑपरेशन पर निकले थे। इस दौरान जियाकोड़ता के जंगल में सुरक्षाबलों को देख एक सन्दिग्ध व्यक्ति जंगल की तरफ भागने की कोशिश कर रहा था। जिसे जवानों ने घेराबंदी कर पकड़ा। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान नक्सली ACM हांदा कर्रा माड़वी के रूप में हुई।



