नेशनल हाईवे पर अकलघरिया मोड़ पर हुआ हादसा:ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो की मौत, 1 गंभीर

चिल्फीघाटी से 5 किमी दूर ग्राम अकलघरिया मोड़ पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। वहीं एक अन्य बुरी तरह से घायल है, उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना शनिवार शाम साढ़े 4 बजे की है। मृतक नारायण चंद्रवंशी (36), सुकदेव चंद्रवंशी (48) दोनों घिरघोसा थाना पिपरिया के रहने वाले थे। वे और उनका एक अन्य साथी प्रकाश झारिया निवासी जैताटोला तीनों मोटर साइकिल क्रमांक सीजी 09 जेएस 2104 पर मध्यप्रदेश की ओर जा रहे थे।
तभी नेशनल हाईवे- 30 पर ग्राम अकलघरिया मोड़ पर सामने से आ रहे अज्ञात ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में नारायण और सुकदेव चंद्रवंशी की मौके पर ही मौत हो गई, प्रकाश बुरी तरह से घायल है। डॉयल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची। घायल प्रकाश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बोड़ला भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
मृतकाें में से एक चिल्फी के एएसआई का भाई: बताया जा रहा है कि मृतक सुकदेव चंद्रवंशी चिल्फी थाने में पदस्थ एएसआई गोविंद चंद्रवंशी का बड़ा भाई है। अारोपी चालक ट्रक लेकर फरार हो गया है। पुलिस ने पंचनामा के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आरोपी ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। बता दें कि घटनास्थल से महज 200 मीटर दूरी पर ही 17 जुलाई को हादसे में बोड़ला के नायब तहसीलदार समेत 3 लोगों की मौत हुई थी।



