जांजगीर-चाम्पा जिला

पैसों की बर्बादी:70 लाख का हाट बाजार अनुपयोगी अब उसी स्थान पर बनेगा पौनी पसारी

  • पैसों की बर्बादी का शहर सरकार का यह कैसा निर्णय
  • शहर से दो किमी दूर है प्रतीक्षा बस स्टैंड, इसलिए वहां जान नहीं चाह रहे व्यापारी

नगर के प्रतीक्षा बस स्टैंड के पास 70 लाख रुपए की लागत से हाट बाजार बनाया गया है। वह स्थान शहर से लगभग दो किमी दूर है, इसलिए सब्जी व्यापारी वहां जाना ही नहीं चाह रहे हैं। पांच साल से वह हाट बाजार अनुपयोगी पड़ा है, अब उसी स्थान पर 25 लाख 53 हजार रुपए की लागत से सरकार की महत्वपूर्ण योजना पौनी पसारी के तहत वहीं पर फिर से दुकानें बनाने की प्लानिंग कर ली गई है। ऐसा निर्णय तो सरकारी पैसों की बर्बादी ही है।

नगर पालिका परिषद द्वारा पौनी पसारी योजना अंतर्गत नगर प्रतिक्षा बस स्टैंड के पास स्थल का चयन निर्माण किया जाना है। 25 लाख 53 हज़ार रुपए के इस कार्य के लिए निविदा भी निकाली गई है। इस काम को स्वीकृत कराने से पहले नगर सरकार के जिम्मेदारों ने इस पर विचार नहीं किया कि जिस स्थान पर पांच साल पहले हाट बाजार बनाया गया है, उसका उपयोग नहीं हो रहा है तो क्यों न पौनी पसारी योजना ऐसी जगह पर बनाए जाएं जहां उसका उपयोग हो सके।

नगर में यदि जगह नहीं मिल रही है तो स्टेशन रोड में लगने वाले ठाकुर छेदीलाल बैरिस्टर मार्केट को ही अपडेट किया जा सकता है अथवा उसी स्थान पर नए निर्माण कराए जा सकते हैं। यह शहर के बीच में भी होगा और लोगों के लिए सहुलियत भी होगी और वे आसानी से सामान की खरीदारी कर सकेंगे। इससे व्यवसायियों को भी किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं होगी तो संचालक दुकान लेंगे।

इस स्थान पर बनने से नहीं होगी परेशानी

नगर के ठाकुर छेदीलाल बैरिस्टर सब्जी मार्केट में सीसी रोड व नाली का अभाव है, जिससे यहां आने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बाजार के चबूतरे भी क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। यदि ठाकुर छेदीलाल बैरिस्टर मार्केट में ही पौनी पसारी योजना अंतर्गत बाजार का निर्माण किया जाए तो इसका लाभ नगरवासियों को मिलेगा, पारंपरिक व्यवसाय को भी नगर के बीच बाजार मिलने पर बढ़ावा मिलेगा। इस योजना से बेरोजगारों को अपने खुद के व्यवसाय प्रारंभ करने में मदद मिलेगी। साथ ही पारंपरिक व्यवसाय को भी जीवित रखा जा सकेगा।

सब्जी विक्रेताओं की मांग

असंगठित क्षेत्र जनसमस्या निवारण व चिल्हर सब्जी विक्रेता संघ के अध्यक्ष तनवीर आलम ने कलेक्टर व एसडीएम से शहर के बीच में ही पौनी पसारी योजना के तहत दुकानें बनाने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में श्रीजीत जैन, नगर अध्यक्ष दीप पाटले, आशीष नवरंग, सौरभ वैष्णव, फिरोज खान , लल्ला यादव, जुनैद अख्तर, रामकुमार पंसारी उपस्थित थे।

अब दुकान की जगह बदलने की करेंगे मांग

नगर पालिका परिषद के एल्डरमैन महेश्वर टंडन ने बताया कि पौनी पसारी योजना राज्य शासन की महत्वपूर्ण योजना है। नगर से दूर प्रतीक्षा बस स्टैंड के पास निर्माण कार्य के लिए निविदा जारी की गई है नगर पालिका परिषद की सामान्य सभा की बैठक में स्थल को परिवर्तन करने के लिए मांग की जाएगी। ताकि व्यवसायियाें को किसी प्रकार परेशानी न हो।

जगह बदलने के लिए आवेदन मिला है

सीएमओ अशोक शर्मा ने बताया कि पौनी पसारी योजना के लिए निविदा जारी की गई थी। सामान्य सभा की बैठक में निविदा का अनुमोदन के पश्चात आगे की कार्रवाई की जाएगी। पौनी पसारी योजना अंतर्गत ठाकुर छेदीलाल बैरिस्टर सब्जी मार्केट में निर्माण कार्य करने के लिए आवेदन पत्र प्राप्त हुआ है, बैठक में आवेदन को एजेंडे में शामिल किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button