खरसिया रोड पर हफ्तेभर में सड़क हादसे में 5 मौतें:ट्रेलर की टक्कर से दो बाइक सवारों की मौत

खरसिया थाना क्षेत्र में कुनकुनी के पास सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई है। युवक पड़ोसी के बारात में शामिल होने घरघोड़ा गए थे। घर लौट रहे युवकों को अज्ञात ट्रेलर ने सामने से टक्कर मार दी। एक ने मौके पर दम तोड़ दिया जबकि दूसरे युवक की मौत इलाज के दौरान हुई।
खरसिया इलाके में हफ्तेभर में सड़क हादसों में 5 लोगों की मौत हो चुकी है। डभरा टुंड्री के भीखम प्रसाद राठिया और माधव सिंह राठिया बुधवार को पड़ोसी की बारात में शामिल होने के लिए घरघोड़ा गए हुए थे। लौटते हुए दोनों युवक छाल के रास्ते टुंड्री लौट रहे थे। रात को लगभग 11 बजे कुनकुनी वेदांता के नजदीक एक ट्रेलर ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे भीखम की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरे युवक माधव सिंह को इलाज के लिए जिंदल के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गुरुवार तड़के उसने भी दम तोड़ दिया। खरसिया पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
जांच नहीं करती यातायात पुलिस – यातायात पुलिस सिर्फ नो इंट्री और जुर्माना वसूली तक सीमित हो रही है। शहर में ज्यादातर भारी वाहन चालक अप्रशिक्षित हैं, इनमें अधिकांश के पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं है । वहीं शराब पीकर बाइक या गाड़ी चलाने वालों पर भी नियमित कार्रवाई नहीं हो रही है। बुधवार को नशे के कारण हादसा हुआ।



