ज्ञापन सौंपा:विस मानसून सत्र में संविदा कर्मियों के नियमितीकरण का मुद्दा उठाने की मांग

छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी में कार्यरत संविदा कर्मियों के नियमितीकरण के संबंध में विधानसभा के मानसून सत्र में चर्चा करने के लिए डोंगरगांव विधायक दलेश्वर साहू को संविदा कर्मियों द्वारा ज्ञापन सौंपा गया।संविदा कर्मियों ने बताया कि वर्ष 2004,2008, 2011 में जितने भी संविदा भर्ती हुए थे जिनकी संविदा अवधि दो वर्ष थी जिसके उपरांत उनका नियमितीकरण किया गया था, लेकिन जो 2016 और 2018 में संविदा भर्ती हुए उनके नियमितीकरण को लेकर महासंघ के द्वारा प्रबंधन के साथ द्विपक्षीय वार्ता हुई थी, जिसमें प्रबंधन द्वारा नियमितीकरण को लेकर आश्वासन दिया गया था।
लेकिन प्रबंधन के उदासीन रवैए से समस्त संविदा कर्मियों में आक्रोश व्याप्त है। कोरोना काल में भी संविदा कर्मी द्वारा आपातकालीन सेवाएं दी गई, जब संविदा कर्मी सेवाएं देते हुए कोरोना पॉजिटिव हुए तो भी प्रबंधन द्वारा कोई चिकित्सा सुविधा प्रदान नहीं की गई और न ही कोई आर्थिक मदद की गई, बल्कि कई जगहों पर कोरोना पॉजिटिव हुआ उनकी सैलरी काटी गई। लाइन स्टाफ में नियमित कर्मचारी की कमी है और सेवानिवृत्त होते जा रहे हैं जिससे पूरा कार्यभार समस्त संविदा कर्मचारी संभाले हुए हैं। उन्होंने संविदा कर्मियों के नियमितीकरण का मुद्दा विधानसभा सत्र में रखने का आश्वासन दिया।



