इंटरसिटी ट्रेन को इतवारी के बजाय नागपुर तक चलाने की मांग

रायपुर 30 जून । छत्तीसगढ़ संगवारी संघर्ष समिति ने चार जुलाई से बिलासपुर से प्रारंभ होने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस को इतवारी के बजाय नागपुर तक चलाने की मांग को लेकर मंगलवार को एडीआरएम रायपुर को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान समिति के अध्यक्ष राजकुमार राठी, कार्यकारी अध्यक्ष मंजुल मयंक श्रीवास्तव सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
राठी ने कहा कि उक्त इंटरसिटी एक्सप्रेस रात में इतवारी पहुंचेगी जिससे आगे की यात्रा करने वाले यात्रियों व नागपुर शहर जाने वाले यात्रियों को अनेक प्रकार की परेशानी का सामना करना पड़ेगा। साथ ही कनेक्टिंग ट्रेन के छूटने की आशंका भी रहेगी।
ऐसी स्थिति को देखते हुए इंटरसिटी एक्सप्रेस को इतवारी के बजाय नागपुर तक चलाने की मांग को लेकर संगवारी संघर्ष समिति द्वारा एडीआरएम रायपुर लोकेश विशनोई से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा गया। जिस पर उनके द्वारा उच्च अधिकारियों से चर्चा कर मामले को तत्काल संज्ञान में लेकर आदेश करवाने का आश्वाशन दिया है।



