प्रदेश में शनि-रवि का सख्त लाॅकडाउन आज से
रायपुर. इस महीने यानी मई में हर हफ्ते शनिवार-रविवार को सख्त लॉकडाउन रहेगा। पहला हफ्ता बीतने के बाद इस हफ्ते भी दो दिनों तक लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराया जाएगा। राजधानी में शनिवार और रविवार को केवल जरूरी चीजों की ही दुकानों खुलेंगी। प्रशासन के आदेश के अनुसार दो दिनों तक सब्जी, फल, दूध, दवा, पेट्रोल पंप और गैस एजेंसी ही खुले रहेंगे। मेडिकल, पेट्रोल और गैस सिलेंडर की सुविधाओं को छोड़कर बाकी सभी दुकानें दोपहर 2 बजे के पहले ही बंद करनी होगी। इसके अलावा किसी भी तरह की दुकानों को खोलने की अनुमति नहीं होगी। दोपहर बाद घरों से बिना ठोस कारण के निकलने वालों पर सख्ती भी की जाएगी। मास्क और हेलमेट नहीं पहनने वालों से भी सख्ती के साथ ही निपटा जाएगा। चूंकि डीजीपी डीएम अवस्थी के निर्देश हैं इसलिए जुर्माना नहीं होगा। लेकिन सड़क पर उन्हें दूसरे तरीकों की सजा दी जाएगी।
बाजारों और दुकानों की जांच के लिए कलेक्टर ने अफसरों को पहले ही निर्देश दे दिए हैं। तय समय के बाद पुलिस की पेट्रोलिंग भी तेज हो जाएगी। सड़कों के अलावा मोहल्लों में भी जाकर जांच की जाएगी।



