भाजपा का सवाल : स्मार्ट पुलिसिंग की जुमलेबाजी से गृह मंत्री कब उबरेंगे और कब मानेंगे कि क़ानून-व्यवस्था चौपट हो रही है?

ताज़ा आँकड़ों का हवाला देकर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा- नाबालिगों के साथ अपराध में राजधानी 301 और दुर्ग ज़िला 215 मामलों के साथ क्रमश: पहले और दूसरे स्थान पर है
ये आँकड़े प्रदेश सरकार के शर्मनाक निकम्मेपन की ग़वाही ख़ुद दे रहे, राजधानी में ख़ुद सरकार बैठी है और दुर्ग ज़िला मुख्यमंत्री, गृह मंत्री और कृषि मंत्री का अपना गृह ज़िला है
प्रदेश में तमाम अपराध अब एक तरह से उद्योग की शक्ल अख़्तियार कर रहे हैं जो यह साबित करने के लिए पर्याप्त हैं कि प्रदेश में अब ज़ंगलराज चल रहा है : श्रीवास्तव

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने प्रदेशभर में नाबालिगों को साथ अपराध के मामलों में लगातार इज़ाफ़े को बेहद चिंताजनक माना है। श्री श्रीवास्तव ने कहा कि प्रदेश में जबसे कांग्रेस की सरकार सत्ता में आई है अपराधों का ग्राफ़ लगातार बढ़ता ही जा रहा है। अभी हाल ही जारी हुए ताज़ा आँकड़ों को हवाला देते हुए श्री श्रीवास्तव ने कहा कि बीते 13 महीने में ही प्रदेशभर में नाबालिगों के साथ अपराध के लगभग 18 सौ से अधिक मामले घटे हैं। इनमें राजधानी 301 और दुर्ग ज़िला 215 मामलों के साथ क्रमश: पहले और दूसरे स्थान पर है। श्री श्रीवास्तव ने कहा कि ये आँकड़े प्रदेश सरकार के शर्मनाक निकम्मेपन की ग़वाही ख़ुद दे रहे हैं, क्योंकि राजधानी में ख़ुद प्रदेश सरकार बैठी है और दुर्ग ज़िला स्वयं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू और कृषि मंत्री रवींद्र चौबे का अपना गृह ज़िला है।



