कवर्धाछत्तीसगढ़ विशेष

तरेगांव वन क्षेत्र में जंगली हाथी की दस्तक, अंचल के गांवों में अलर्ट जारी

वन विभाग ने कराई मुनादी, ग्रामीणों को जंगल की ओर अकेले नहीं जाने की दी सलाह; हाथी की गतिविधियों पर रखी जा रही नजर

कवर्धा। कबीरधाम जिले के सामान्य वनमंडल कवर्धा अंतर्गत तरेगांव एवं आसपास के वन क्षेत्रों में जंगली हाथी की मौजूदगी से ग्रामीणों में सतर्कता बढ़ गई है। हाथी के विचरण की सूचना मिलने के बाद वन विभाग ने एहतियातन आसपास के 20 गांवों में अलर्ट जारी किया है। वहीं, ग्रामीणों को हाथी से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और जंगल की ओर अकेले नहीं जाने की समझाइश दी जा रही है। वन विभाग द्वारा 22 नवंबर को वन परिक्षेत्र तरेगांव के मुंडादादर सर्किल अंतर्गत ग्राम बाकी में मुनादी कराकर ग्रामीणों को हाथी की मौजूदगी की जानकारी दी गई। इस दौरान वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोगों को सतर्क रहने तथा हाथी से संबंधित किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की सलाह दी। ग्रामीणों को स्पष्ट रूप से बताया गया कि हाथी दिखाई देने पर उसके नजदीक जाने, उसे छेड़ने, शोर मचाकर भगाने या घेरने का प्रयास बिल्कुल न करें।

ढोलबज्जा से आमनारा तक मिले हाथी के विचरण के संकेत

वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22 नवंबर को दोपहर में वन परिक्षेत्र तरेगांव के बोक्करखार सर्किल अंतर्गत ढोलबज्जा बीट क्षेत्र में एक जंगली हाथी की मौजूदगी दर्ज की गई। इसके बाद कवर्धा वन परिक्षेत्र के आमनारा बीट स्थित कक्ष क्रमांक 307 में हाथी के पदचिह्न एवं लीद भी पाए गए। इससे क्षेत्र में हाथी के विचरण की पुष्टि हुई है। हाथी के विचरण के दौरान अब तक फसल क्षति के दो मामले सामने आए हैं। हालांकि, राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी मकान को नुकसान पहुंचने अथवा जनहानि की सूचना प्राप्त नहीं हुई है। वन विभाग की टीम हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है।

इन 20 गांवों में जारी किया गया अलर्ट

हाथी की संभावित आवाजाही को देखते हुए वन विभाग ने आसपास के 20 गांवों एवं क्षेत्रों में सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं। इनमें आमापानी, माचापानी, ढोलबज्जा, शक्तिपानी, धौराटोला, थूहापानी, चोड़चोड़ा, तेंदूपड़ाव, जमुनपानी, बोलदा, बावापथरा, खरिया, मुड़घुसरी, मांदीभाठा, छीरपानी जलाशय, अगरी, भीरा, खुरमुंदा, भलपहरी एवं महली शामिल हैं। इन क्षेत्रों में वन विभाग का अमला ग्रामीणों से लगातार संपर्क बनाए हुए है। मुनादी और जनजागरूकता के माध्यम से लोगों तक हाथी की गतिविधियों एवं सुरक्षा संबंधी जानकारी पहुंचाई जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

वन विभाग की ग्रामीणों से अपील

वनमंडलाधिकारी निखिल अग्रवाल ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे हाथी प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतें। अनावश्यक रूप से जंगल की ओर जाने से बचें तथा अकेले जंगल या खेतों की ओर आवागमन न करें। यदि कहीं जंगली हाथी दिखाई देता है, तो उससे पर्याप्त दूरी बनाए रखें और उसके पास जाने, छेड़ने, शोर मचाने या भगाने का प्रयास न करें। उन्होंने ग्रामीणों से यह भी कहा है कि हाथी की मौजूदगी की जानकारी तत्काल वन विभाग को दें, ताकि समय रहते आवश्यक सुरक्षा एवं बचाव संबंधी कदम उठाए जा सकें।

हाथी की गतिविधियों पर वन विभाग की लगातार निगरानी

वन विभाग द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। ग्रामीणों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मुनादी, जनजागरूकता और सतर्कता संबंधी उपाय किए जा रहे हैं। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, अफवाहों से बचें और किसी भी तरह की सूचना मिलने पर वन विभाग के साथ सहयोग करें। वन विभाग की अपील है कि सतर्कता ही सुरक्षा है। हाथी से दूरी बनाए रखें और उसकी मौजूदगी की सूचना तत्काल विभाग को दें।

Related Articles

Back to top button