कवर्धाछत्तीसगढ़ विशेष
पीजी कॉलेज मैदान में 02 नवंबर को होगा जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह

कबीरधाम:- कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने समय-सीमा की बैठक में तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
जनजाति गौरव सप्ताह, ई-ऑफिस, सीएम हेल्पलाइन और बजट प्रस्तावों की भी हुई समीक्षा
छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के 26 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कबीरधाम जिले में भी जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह का आयोजन किया जाएगा। जिला मुख्यालय स्थित पीजी कॉलेज मैदान में सोमवार, 02 नवंबर को आयोजित होने वाले इस समारोह की तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने आयोजन से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय पर तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि समारोह का सफल आयोजन किया जा सके।
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने 11 से 18 नवंबर तक आयोजित होने वाले जनजाति गौरव सप्ताह की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को आयोजन की रूपरेखा के अनुरूप सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए समन्वित प्रयास सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को आगामी बजट वर्ष 2027 के लिए आवश्यक प्रस्ताव निर्धारित समय-सीमा में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय आवश्यकताओं के अनुरूप प्रस्ताव तैयार करने और निर्धारित प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री नरेंद्र पैकरा, श्री आरपी आचला, श्री सागर सिंह राज सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
ई-ऑफिस से शासकीय कार्यों का संपादन सुनिश्चित करें
कलेक्टर ने ई-ऑफिस प्रणाली के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए सभी विभाग प्रमुखों को शासकीय कार्यों का संपादन ई-ऑफिस के माध्यम से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यालयीन कार्यप्रणाली को व्यवस्थित बनाने तथा शासकीय कार्यों के समयबद्ध निष्पादन के लिए डिजिटल प्रणाली का प्रभावी उपयोग करने को कहा।
सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का प्राथमिकता से करें निराकरण
बैठक में सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त विभागवार प्रकरणों की समीक्षा की गई। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने संबंधित अधिकारियों को लंबित प्रकरणों की जांच कर प्राथमिकता के आधार पर उनका निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आम नागरिकों की शिकायतों के प्रति गंभीरता बरतने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई करने पर जोर दिया।
वनांचल क्षेत्रों में आवश्यक दस्तावेजों के लिए शिविर लगाने के निर्देश
कलेक्टर ने सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग को वनांचल क्षेत्रों में आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज बनवाने के लिए शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों में निवासरत लोगों को आवश्यक दस्तावेजों की सुविधा उपलब्ध कराना तथा उन्हें शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ लेने में होने वाली परेशानियों को कम करना है।
चक्रवाती तूफान की आशंका को देखते हुए सतर्क रहने के निर्देश
बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान अर्नब को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने जिला प्रशासन को सतर्क रहने तथा संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को परिस्थितियों पर निगरानी रखने और आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा।



