
राम मंदिर के चढ़ावे में चोरी मामले बीते दिनों राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने पहली बार आधिकारिक प्रतिक्रिया देते हुए घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया था. संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने कहा कि इस घटना से करोड़ों रामभक्तों की भावनाएं आहत हुई हैं और दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए. वहीं, अब दत्तात्रेय होसबाले के इस बयान पर संघ प्रमुख मोहन भागवत की भी प्रतिक्रिया सामने आ गई है. उन्होंने कहा कि वो सरकार्यवाह के बयान से सहमत हैं. नागपुर में मीडिया के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी विवाद वाले सवाल पर संघ प्रमुख ने कहा, ‘होसबाले द्वारा जारी बयान देखिए, मेरी प्रतिक्रिया भी वही है.’
होसबाले ने शुक्रवार को जारी एक बयान में कहा था कि अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी की घटना ने राम भक्तों और पूरे समाज की आस्था को गहरी ठेस पहुंचाई है. उन्होंने कहा था कि जांच में दोषी पाए जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति को कड़ी सजा मिलनी चाहिए.
दत्तात्रेय होसबाले ने कहा कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुरोध पर यूपी सरकार ने एसआईटी का गठन किया है और उसकी संस्तुतियों के आधार पर कानूनी कार्रवाई शुरू की है. उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए. इस घटना को अत्यंत गंभीर बताते हुए ट्रस्ट से मंदिर के प्रबंधन और संचालन व्यवस्था में मौजूद सभी कमियों को दूर करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की अपेक्षा जताई.
हिंदू धर्म को बदनाम करने की साजिश: RSS
सरकार्यवाह होसबाले ने दावा किया था, ‘हिंदू विरोधी और राष्ट्रविरोधी ताकतें इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना का फायदा उठाकर हिंदू धर्म को बदनाम करने की कोशिश कर रही हैं.’ उन्होंने पूरे हिंदू समाज से अपील की कि वह इस कठिन समय में धैर्य और संयम बनाए रखें ताकि इस तरह की सभी साजिशों को विफल किया जा सके.



