भारत आएंगे डोनाल्ड ट्रंप: India-US Trade Deal पर लगाएंगे मुहर, विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने किया ऐलान

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि अगले साल (2027) की शुरुआत में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत दौरे पर जाएंगे। मैं राष्ट्रपति के दौरे को अंतिम रूप देने के लिए भारत जा रहा हूं। साथ ही इस दौरान दोनों देशों के बीच बहुप्रतीक्षित ट्रेड डील (व्यापार समझौते) को जल्द से जल्द फाइनल करने पर भी चर्चा होगी।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दौरे को लेकर रुबियो ने कहा कि पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच के करीबी निजी रिश्ते दोनों देशों के मजबूत संबंधों की सबसे बड़ी बुनियाद हैं। दोनों नेता एक जैसा सोचते हैं। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि वे खुद पीएम मोदी के बड़े प्रशंसक हैं, क्योंकि उनके नेतृत्व में भारत एक ग्लोबल पावर (वैश्विक ताकत) बनकर उभरा है। दोनों देशों के बीच की यह साझेदारी आने वाले समय में असीमित संभावनाओं को छूने वाली है।
भारत की तारीफ की
अमेरिकी विदेश मंत्री ने भारत की तारीफ करते हुए कहा कि इंडिया दुनिया के उन चुनिंदा देशों में से एक है, जिनमें भारी कच्चे तेल को रिफ़ाइन करने की क्षमता है। इस समय भारत, अमेरिका और वेनेजुएला आपस में मिलकर क्रूड ऑयल की सप्लाई बढ़ाने पर बहुत करीब से काम कर रहे हैं। साथ ही अमेरिका के वीजा सिस्टम में होने वाले बदलावों को लेकर भी स्थिति साफ की गई कि इन बदलावों का निशाना भारत बिल्कुल नहीं है।
भारत-अमेरिका के बीच ₹12.54 लाख करोड़ का व्यापार
बता दें कि भारत और अमेरिका के बीच साल 2025 में ₹12.54 लाख करोड़ का व्यापार हुआ था। भारत ने अमेरिका को लगभग ₹8 लाख करोड़ का सामान एक्सपोर्ट किया। वहीं अमेरिका से भारत ने लगभग ₹4.6 लाख करोड़ का सामान इंपोर्ट किया।



