*भाजपा का खेती-किसानी, धान खरीदी और वादे पूरा करने की मांग को लेकर कल 07 अक्टूबर को धरना-प्रदर्शन, ज्ञापन भी सौंपेग

*भाजपा का खेती-किसानी, धान खरीदी और वादे पूरा करने की मांग को लेकर कल 07 अक्टूबर को धरना-प्रदर्शन, ज्ञापन भी सौंपे*
कवर्धा, 06 अक्टूबर । भारतीय जनता पार्टी कल 07 अक्टूबर को दोपहर 1बजे से 4 बजे तक राज्य सरकार से जिले में खेती-किसानी, धान खरीदी और किसानों से किए गए सभी वादों को पूरा करने की मांग को लेकर ब्लाॅक स्तर पर धरना-प्रदर्शन करेगी और इसके बाद एसडीएम को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल सिंह ने बताया कि प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार फिजूल की सियासी नौटंकियाँ करने के बजाय संघीय ढाँचे का सम्मान करते हुए नए कृषि कानूनों का क्रियान्वयन कर किसानों के खाते में उनकी फसल की पूरी कीमत 72 घंटे में एकमुश्त जमा करने की व्यवस्था सुनिश्चित करे और यह भी घोषणा करे कि इस कानून के मुताबिक इस साल से किसानों पर धान के परिवहन व भंडारण के नाम पर कोई अत्याचार नहीं किया जाएगा, उन्हें परेशान करने के लिए कोई मुकदमा नहीं करेगी। जिलाध्यक्ष श्री सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार गिरदावरी के नाम पर किसानों के खेत का रकबा घटाने का घिनौना षड्यंत्र कर रही है ताकि पूरा धान खरीदने की जिम्मेदारी और अपने वादे से मुँह चुरा सके। यदि प्रदेश सरकार ने किसानों के खेतों का एक इंच रकवा भी घटाने की बदनीयती दिखाई तो भाजपा सड़क की लड़ाई लड़कर सरकार को किसानों की ताकत का अहसास करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। श्री सिंह ने प्रदेश सरकार से अपने वादे को पूरा करते हुए किसानों को बकाया दो साल का बोनस भुगतान करने की भी मांग की है। प्रदेश सरकार की इस धोखाधड़ी से भी किसान क्षुब्ध हैं। जिलाध्यक्ष अनिल सिंह ने कहा कि कल 07 अक्टूबर को जिले के भाजपा कार्यकर्ता ब्लाॅक स्तर पर इन्हीं सब मुद्दों पर धरना-प्रदर्शन कर अपनी मांगों से शासन को अवगत कराएंगे।



