पीएम मोदी की अपील का असर, महाराष्ट्र में मंत्रियों और अधिकारियों के विदेश दौरे रद्द, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग पर जोर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में देशवासियों से पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने की अपील की थी. इसके बाद सीएम देवेंद्र फडणवीस ने प्रदेश में बड़ा कदम उठाया है.
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को राज्य के मंत्रियों और उच्च-रैंकिंग वाले सरकारी अधिकारियों के लिए पहले से तय विदेश दौरों को तुरंत रद्द करने का आदेश दिया. सरकारी सूत्रों ने बताया कि राज्य प्रशासन ने प्रशासनिक कामों या स्टडी टूर के लिए तय सभी आगामी अंतरराष्ट्रीय दौरों को रोकने के निर्देश जारी किए हैं.इस अचानक और सख्त कदम का मुख्य मकसद राज्य के खजाने पर पड़ने वाले बोझ को कम करना और जनता को वित्तीय अनुशासन व खर्चों में कटौती का एक मजबूत संदेश देना है.
ईंधन और विदेशी मुद्रा की बचत के संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए आह्वान के जवाब में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार (13 मई) दो उच्चस्तरीय बैठकों में विभिन्न उपायों की समीक्षा की और उसके अनुसार कुछ निर्णय घोषित किए. इसमें सबसे अहम मंत्रियों के काफिले में वाहनों की संख्या आधी कर दी गई.
दरअसल, सीएम देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक में कई बड़े फैसले लिए।
मुख्यमंत्री सहित सभी मंत्रियों के काफिले में वाहनों की संख्या तत्काल प्रभाव से आधी की जाए. बाहरी दौरों के दौरान काफिले में निर्धारित संख्या से अधिक वाहन न हों, इसकी जिम्मेदारी संबंधित पुलिस आयुक्त या पुलिस अधीक्षक की होगी. मंत्री और अधिकारी किसी भी प्रकार के विदेश दौरे न करें. मंत्री और अधिकारी मेट्रो आदि सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को बढ़ावा दें. पहले चरण में कम से कम एक दिन इसका प्रयोग करें. अधिकारियों को बैठकों के लिए बुलाने के बजाय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठकें आयोजित की जाएं, ये सभी बड़े फैसले लिए गए.
महाराष्ट्र विधानसभा में भी विधायकों के जापान के लिए तय स्टडी टूर को रद्द कर दिया गया. इस बात की पुष्टि विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने की. सरकार का यह कदम तब आया है, जब प्रधानमंत्री मोदी ने नेताओं और अधिकारियों से अपील की थी कि वे अनावश्यक विदेश यात्राओं और खर्चों से बचें, ताकि विदेशी मुद्रा की बचत हो सके



