कबीरधाम विशेषछत्तीसगढ़ विशेष

जीवनदीप समिति; सौ से अधिक कर्मचारी हड़ताल पर प्रमुख मांग नियमितीकरण…

जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र व जिला अस्पताल में जीवनदीप समिति अंतर्गत काम करने वाले कर्मचारी शुक्रवार से हड़ताल पर चले गए हैं। ये कर्मचारी शुक्रवार से लेकर रविवार तक हड़ताल पर रहेंगे। पूरे जिले में इन कर्मचारियों की संख्या करीब 100 के आसपास है। इन कर्मचारियों की प्रमुख मांग नियमितीकरण है। शुक्रवार से हड़ताल पर चले जाने से अस्पतालों के कामकाज पर असर पड़ा है।

ये कर्मचारी अपने संगठन छत्तीसगढ़ प्रदेश जीवनदीप कर्मचारी कल्याण महासंघ के बैनर तले कवर्धा शहर के राजीव गांधी पार्क पर धरना दे रहे हैं। कर्मचारी महासंघ के नेता सुरेश साहू, नारायण कंडरा ने बताया कि जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्र में जीवनदीप समिति अंतर्गत काम करने वाले कर्मचारी जैसे कम्प्यूटर ऑपरेटर, लैब टेक्नीशियन, आयुष्मान कार्ड ऑपरेटर, सफाईकर्मी समेत तृतीय व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी अपनी प्रमुख मांग नियमितीकरण को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि श्रम अधिनियम 1948 के अनुसार विभिन्न श्रेणियों में कर्मचारियों को दैनिक कलेक्टर दर पर पारिश्रमिक भुगतान नहीं किया जा रहा है। बजट का हवाला दे दिया जाता है।                                                                                                                                                                                 शहर के राजीव गांधी पार्क में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कर्मचारी नेताओं ने कहा कि हमारे सभी कर्मचारी बीते दो वर्ष के कोरोना काल के दौरान काम किए हैं। उस दौर में जब कोई व्यक्ति अस्पताल जाना पसंद नहीं करता था तो ऐसे समय में हमने काम किया है।

इसके बाद भी शासन द्वारा मानवता का परिचय नहीं दिखाया जा रहा है। लगातार मांगों को लेकर ज्ञापन भी सौंपा जा रहा है। जिला स्तर पर उनकी मांगों को लेकर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। कर्मचारियों की सबसे बड़ी समस्या वेतन कम मिलना है। नए नियमित व संविदा कर्मचारी को उनसे ज्यादा वेतन दिया जाता है।इन कर्मचारियों ने राजीव गांधी पार्क से लेकर कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली। इसके बाद जिला प्रशासन के अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। जिले के सभी सरकारी अस्पताल में जीवनदीप समिति काम करती है। इस समिति में कर्मचारियों को रखा जाता है।

कवर्धा जिला अस्पताल में 12 कर्मचारी हैं। इसके अलावा ब्लॉक स्तर पर भी समिति अंतर्गत कर्मचारी काम कर रहे हैं। ऐसे कर्मचारियों को समिति द्वारा ही हर माह वेतन दिया जाता है। इस समिति में आय का प्रमुख स्रोत शासन द्वारा दिए गए बजट के साथ-साथ मरीजों द्वारा दिए गए सेवा शुल्क है।

Related Articles

Back to top button