कवर्धा के व्यापारियों ने ऑनलाइन विदेशी कंपनियों का पुतला फूंका, विदेशी कंपनियों का किया बहिष्कार

विदेशी कंपनियों के ऑनलाइन शॉपिंग के चलते स्थानीय व्यापारियों को नुकसान हो रहा है। इसे लेकर चेम्बर ऑफ कॉर्म एंड इंडस्ट्रीज कवर्धा ने गुरुवार को व्यापार बचाओ रैली निकाली। इस दौरान ऑनलाइन विदेशी कंपनियों का बहिष्कार करते हुए उनका पुतला जलाया। चेम्बर ने अब लोकल स्तर पर ऑनलाइन व्यापार को बढ़ावा देने का बड़ा फैसला लिया है, ताकि ग्राहकों को बड़ी कंपनियों जैसी सुविधा दे सकें। वहीं ऐसे ऑनलाइन व्यापार जो कवर्धा जिले के व्यापारी चला रहे हों, उन्हें चेम्बर सम्मानित करेगा। चेम्बर के जिलाध्यक्ष आकाश आहूजा ने स्पष्ट किया कि चेम्बर ऑनलाइन व्यापार का विरोधी नहीं है। उन्होंने बताया कि कुछ विदेशी कंपनियां साजिश के तहत भारत की एफडीआई नीति का उल्लंघन कर स्थानीय व्यापार को ध्वस्त करने बड़े ऑफर्स और डिस्काउंट दे रही है। इसका उद्देश्य देश के व्यापार पर कब्ज़ा करने का है। ऐसी कंपनियों की कार्यप्रणाली और गड़बड़ी की जांच कराने मांग की गई है। विदेशी कंपनियों के ऑनलाइन शॉपिंग के कारण व्यापियों को नुकसान हो रहा है। चेम्बर के प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश जैन, अतुल देशलहरा ने बताया कि जिले में छोटे-बड़े मिलाकर हजारों की संख्या में दुकानें है। स्वयं व्यापारी, उनके परिवार और उनके कर्मचारियों द्वारा एक करोड़ से अधिक का ऑनलाइन आर्डर इन विदेशी कंपनियों को दिया जाता है। रैली के माध्यम से विदेशी कंपनियों का बहिष्कार कियाा गया। रैली में चेम्बर के संरक्षक महावीर जैन, महामंत्री वनीत सिंह सलूजा, सलाहकार कुलवंत सिंह सलूजा, गौतम लुनिया, मेडिकल एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अनिल दानी, चेम्बर के मंत्री सोनू चावला समेत बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल रहे।



