महामारी:लंपी वायरस संक्रमित पशु मिलने वाले इलाके के 10 किलोमीटर तक पशु मेला,पशु व्यपार बंद 18 जिलों की सीमाओं पर अलर्ट…

राजस्थान और गुजरात की तरह ही छत्तीसगढ़ में भी लंपी वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य सरकार ने कोरोना की तरह से वैक्सीनेशन अभियान चलाने की योजना तैयार की है। इसके लिए राज्य सरकार ने केन्द्र से छह करोड़ रुपए मांगे हैं। सभी जिलों में पशु चिकित्सा विभाग के अफसरों को इसके लिए चिट्ठी जारी कर दी गई है। पशु चिकित्सा विभाग ने लंपी वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य की सीमाओं पर अलर्ट जारी कर मवेशियों की आवाजाही पर निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।
आदेश में कहा गया है कि लंपी वायरस संक्रमित पशु मिलने वाले इलाके के 10 किलोमीटर के दायरे में आने वाले सभी पशु बाजारों को बंद रखा जाए। संक्रमित गांवों में पशु मेला, पशु प्रदर्शनी, पशु व्यापार पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने को कहा गया है। लंपी वायरस के संभावित खतरे को देखते हुए प्रदेश के 18 जिलों की सीमाओं पर चौकसी बढ़ाने के लिए कहा गया है क्योंकि इनमें से होकर पड़ोसी राज्यों से बीमार पशुओं के आवागमन की संभावना है। आसपास के गांवों में कोटवारों को भी इसके लिए अलर्ट रहने के लिए कहा गया है।



