प्रॉपर्टी डीलर की 15 दिन बाद भी नहीं मिला कोई सुराग 3 नवंबर को अंबिकापुर जाने के लिए निकले थे,

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में अगवा प्रॉपर्टी डीलर का 15 दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिला है। हालांकि, पुलिस हर संभव तलाश करने का दावा कर रही है। इधर, उनके घर में सन्नाटा पसरा है। उनकी पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। आंखों में आंसू और सिसकियां लेती हुई उनकी पत्नी अकबरी खातून ने कहा कि वो जहां भी हैं, उन्हें सुरक्षित घर लौटा दीजिए।
प्रॉपर्टी डीलर अपने पिता की राह में बच्चों ने खाना छोड़ दिया है और उन्हें याद कर रोते रहते हैं। उनकी सलामती के लिए रोज दुआ कर नमाज पढ़ते हैं। यह दर्द भरी गुहार प्रॉपर्टी डीलर वकील अंसारी की पत्नी अकबरी खातून की है। पति की आस में बैठी अकबरी खातून अपने पति को वापस लाने की गुहार लगा रही हैं। पूरा मामला सकरी थाना क्षेत्र का है।
आसमा सिटी में रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर वकील अंसारी बीते 3 नवंबर को बिलासपुर से अपनी सफेद रंग की कार से काम के सिलसिले में अपने दोस्त आरएस बड़गिया से मिलने अंबिकापुर जाने की बात कह कर घर से निकले थे। दूसरे दिन 4 नवंबर की रात करीब 8 बजे उन्होंने अपनी पत्नी को फोन किया और घर वापस जाने की जानकारी दी थी।
फिर बाद में 11:30 बजे वकील अंसारी की पत्नी के मोबाइल पर उनके पति वकील ने फोन किया और किसी दिक्कत में फंसने की बात कहते हुए 10 लाख रुपए का इंतजाम करने कहा। इसके बाद से पत्नी से उनका संपर्क नहीं हो सका है। पति के गायब होने से परेशान पत्नी अकबरी खातून ने पुलिस से शिकायत की, जिसके बाद से पुलिस अपहरण का केस दर्ज कर अलग-अलग एंगल से जांच कर उसकी तलाश कर रही है।
आखिरीबार महिला के साथ देखा गया वकील अंसारी
अगवा प्रॉपर्टी डीलर अंतिम बार एक महिला के साथ दिखा है, जिसका सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में वह महिला के साथ नजर आ रहा है और होटल से बाहर निकलता दिख रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिला की पहचान करने की कोशिश में जुटी हुई है। लेकिन, अब तक महिला का न तो पहचान हो सका है और न ही उसके बारे में कोई जानकारी हासिल हुई है।



