छत्तीसगढ़ विशेषबिलासपुर जिला

तेज रफ्तार बाइक ने दूसरी बाइक को मारी टक्कर , दो लोगों की मौत

बिलासपुर: दो बाइक के बीच जबरदस्त टक्कर। इस हादसे में युवक और उसके जीजा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बहन और दूसरे बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम भिलाई के पास की है।

युवक अपनी बहन और जीजा के साथ अस्पताल से गांव लौट रहा था। तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।जानकारी के अनुसार सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम मुड़पार निवासी सूरज पटेल पिता रामरतन पटेल (43) एरमसाही निवासी अपनी बहन शिवकुमारी पटेल और बहनोई श्यामलाल पटेल के साथ बाइक से बिलासपुर आया था। यहां उसकी बहन शिवकुमारी का इलाज कराने के बाद दोपहर करीब एक बजे तीनों बाइक में सवार होकर वापस एरमसाही जा रहे थे।

बाइक सवार श्यामलाल, सूरज पटेल और शिवकुमारी पटेल अभी ग्राम भिलाई स्थित तालाब के पास पहुंचे थे। उसी समय सामने से तेज रफ्तार बाइक सवार युवक आ रहा था। देखते ही देखते अनियंत्रित बाइक सवार युवक ने तेजी और लापरवाही पूर्वक चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दिया। इस हादसे में सूरज पटेल उसकी बहन और बहनोई गंभीर रूप से घायल हो गए।

इस हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। उन्होंने इस हादसे की सूचना पुलिस के डायल 112 को दी। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही श्यामलाल के परिजन मौके पर पहुंच गए। आनन-फानन में सभी को मस्तूरी स्थित अस्पताल लाया गया। इस घटना में दूसरे बाइक में सवार युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया है। सूरज की बहन के साथ उसे भी इलाज के लिए बिलासपुर भेजा गया है। इधर, सूरज पटेल और श्यामलाल पटेल के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button