भाजपा पहुंची स्टेडियम: विरोध के बाद खुलवाया गेट, कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप |

छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में इंदिरा प्रियदर्शनी स्टेडियम में फुटबॉल मैदान के गुब्बारे जैसे फूलने वाले मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। भाजपाइयों ने मैदान के निर्माण में कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। इसी के विरोध में कार्यकर्ता सड़क पर उतरे और नारेबाजी करते हुए ग्राउंड पहुंच गए। भाजपाइयों का आरोप है कि, BJP कार्यकर्ताओं के आने की खबर सुनकर कांग्रेसियों के दबाव में प्रशासन ने गेट पर ताला जड़ दिया। हालांकि, विरोध के बाद गेट खुलवा दिया गया था।
भाजपा नेता और जगदलपुर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष संजय पांडेय ने कहा कि, करीब 7 करोड़ 50 लाख की लागत से मैदान बनाया गया है। मैदान के निर्माण के लिए जब टेंडर निकाला गया तो उसमें ऐसे नियम डाले गए जिसमें कोई भी आम ठेकेदार हिस्सा नहीं ले सकता था। कुछ ने हिस्सा लिया भी तो उन्हें नियम के तहत बाहर कर दिया गया। पूरे योजनाबद्ध तरीके से दिल्ली की एक निजी संस्थान को टेंडर दिया गया। मैदान में लगाया गया टर्फ जिसे बेल्जियम का बताया जा रहा है वह चाइनीज है। इसलिए बारिश के दिनों में निर्माण की पोल खुल गई। बारिश में मैदान गुब्बारे की तरफ फूलने लगा।
भाजपाइयों का आरोप है कि, भाजपा के कार्यकर्ता भ्रष्टाचार के खिलाफ मैदान में उतरेंगे यह बात सुबह से ही सोशल मीडिया में चल रही थी। इसी वजह से जब कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए मैदान में पहुंचे तो कांग्रेस नेताओं के दबाव में फुटबॉल मैदान में ताला जड़वा दिया गया। ताकि, भ्रष्टाचार उजागर न हो सके। ताला लगा देख भाजपाइयों ने जमकर विरोध किया गया। भाजपाइयों के विरोध के बाद प्रशासन ने ताला खुलवाया।
जिला खेल अधिकारी राजेंद्र डेकाटे ने कहा कि, अभी टूर्नामेंट चल रहा है। मैदान खुला हुआ था। हो सकता है कि मैदान की देखभाल करने वाले किसी कर्मचारी ने टूर्नामेंट के बाद बंद कर दिया हो। लेकिन, जब पार्टी के लोग पहुंचे और मेरे पास खबर आई तो मैंने कर्मचारी से कहकर मैदान के गेट का ताला खोलने को कहा। किसी के दबाव में ताला जड़ने वाला आरोप सरासर गलत है।
दरअसल, पिछले सोमवार को जगदलपुर में तेज झमाझम बारिश हुई थी। फुटबॉल ग्राउंड में बारिश का पानी भर गया था। पानी ग्राउंड के ऊपर नहीं बल्कि ग्रास मैट के नीचे जमा हो गया था। जगह-जगह से मैदान गुब्बारे की तरफ फूलने लगा था। करीब 3 घंटे की बारिश ने 7 करोड़ 50 लाख रुपए की लागत से बने मैदान के निर्माण की पोल खोल दी थी। जिन जगहों पर ग्रास मैट फूल रही थी, वहां खिलाड़ी मस्ती करते हुए दिखे थे। जिसकी वीडियो सामने आई थी। दैनिक भास्कर की खबर के बाद मामला सुर्खियों में आया था।



