हाइवा चालक ने स्कूटी सवार को रौंदा, निर्माणाधीन मकान का काम देखकर वापस लौट रहा था वनपाल

जांजगीर-चांपा.जिले में सोमवार रात सड़क हादसे में एक वनपाल की मौत हो गई। वनपाल अपने निर्माणाधीन मकान का काम देखने के बाद लौट रहा था। इसी दौरान हाइवा ने उसे कुचल दिया। हादसे के बाद करीब 500 मीटर दूर चालक हाइवा छोड़कर भाग निकला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसा जांजगीर थाना क्षेत्र में हुआ है।
अकलतरा वन परिक्षेत्र में पदस्थ वनपाल नंद किशोर साहू बनारी गांव में अपने मकान का निर्माण करा रहा है। उसी को देखने के लिए वह सोमवार शाम को बनारी गया था। वहां से रात को स्कूटी से लौटने के बाद नेशनल हाईवे-49 पर बनारी और पुटपुरा के बीच तेज रफ्तार हाइवा ने उसे टक्कर मार दी। इसके चलते वह सड़क पर गिरा और हाइवा उसके सिर को कुचलते हुए निकल गई।
हादसे में नंद किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक हाइवा लेकर भागा और करीब 500 मीटर दूर खड़ी कर भाग गया। सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और जांजगीर थाने को सूचना दी गई। इसको लेकर वन विभाग को भी सूचित कर दिया गया है। नंद किशोर का शव मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा।



