अपना जिलाछत्तीसगढ़ विशेषजशपुर जिलाप्रदेशस्थानीय समाचार

साप्ताहिक बाज़ार में गिरी आकाशीय बिजली, 20 से ज्यादा लोग समेत 12 साल की बच्ची भी घायल

जशपुर. जिले में रविवार देर शाम साप्ताहिक बाजार में आकाशीय बिजली गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 12 साल की एक बच्ची भी शामिल है। 20 से ज्यादा लोग झुलस गए हैं। इनमें से 9 लोगों को शंकरगढ़ अस्पताल में भर्ती किया गया है। 2 बच्चियों सहित 7 की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें अंबिकापुर रेफर किया गया है। वहीं मुख्यमंत्री ने मृतक के परिजनों को 4-4 लाख रुपए आर्थिक सहायता देने के लिए कहा है।

जानकारी के मुताबिक, सुलेसा के नजदीक ग्राम बुरजूडीह में रविवार को साप्ताहिक बाजार लगा था। शाम होते ही आसमान में घने बादल छाए हुए थे। इसके बाद तेज हवाएं चलने लगी और थोड़ी देर बाद बारिश शुरू हो गई। इससे बचने के लिए ग्रामीण इधर-उधर आश्रय लेने लगे। वहीं कुछ ग्रामीण पेड़ के नीचे लगी एक दुकान के तिरपाल के नीचे आकर खड़े हो गए। इसी बीच आकाशीय बिजली जोरदार आवाज के वहां गिर पड़ी।एंबुलेंस देर से पहुंची तो ग्रामीणों ने खुद ही गोबर लगाकर उपचार शुरू कर दिया। बाद में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

हर तरफ जमीन पर लोग और चीख-पुकार

कुछ ही देर में जब लोगों की वहां नजर पड़ी तो पूरा मंजर बदला हुआ था। करीब 25 से 30 लोग जमीन पर पड़े हुए दिखाई दिए। थोड़ी देर में ही चीख-पुकार और भगदड़ मच गई। बाजार में भी घायलों और परिजनों के अलावा सन्नाटा पसर गया था। मोबाइल नेटवर्क भी बंद हो चुके थे। कुछ दूर जाने के बाद लोगों ने 108 को कॉल पर सूचना दी। एंबुलेंस पहुंची और घायलों को सबसे नजदीक सरगुजा के शंकरगढ़ अस्पताल ले गई।शंकरगढ़ के अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद सन्ना निवासी ब्रम्हा (24) पुत्र मंगल, बुरजूडीह निवासी सोनिया (12) पुत्री संतोष और बुरजूडीह के ही दिलेश्वर सोनवानी (23) पुत्र बिफना को मृत घोषित कर दिया। वहीं 9 लोगों को उपचार अस्पताल में चल रहा है। शंकरगढ़ BMO आफताब अंसारी के मुताबिक घायलों में 7 लोग बुरी तरह से झुलसे हैं। इनमें दो बच्चियों का शरीर 50 प्रतिशत से अधिक झुलस गया है। इन्हें अंबिकापुर रेफर किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने जताया शोक, राहत के निर्देश
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जशपुर जिले के सन्ना क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने के कारण तीन लोगों की मौत पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने आकाशीय बिजली गिरने की घटना में प्रभावित लोगों के बेहतर इलाज करने के निर्देश अधिकारियों को दिए है। उन्होंने मृतक के परिजनों को प्रावधान के तहत चार-चार लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए है।

Related Articles

Back to top button