भव्य, समृद्ध, शक्तिशाली और स्वाभिमानी भारत के निर्माण का काम प्रधानमंत्री मोदी की क्रांतिकारी उपलब्धि : डॉ. रमन

कार्यकर्ता केंद्र सरकार के साथ प्रदेश के भाजपा शासनकाल की उपलब्धियाँ और कांग्रेस सरकार की विफलता भी बताएँ
केंद्र सरकार के दूसरे कार्यकाल के एक वर्ष पूर्ण होने पर राजनांदगांव संसदीय क्षेत्र भाजपा की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सभा

कवर्धा,6 जुलाई 2020 भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के दूसरे कार्यकाल के हाल ही पूरे हुए एक वर्ष को वर्षों से संजोए गए सपनों के पूरा होने और बड़े फैसलों से देश की दशा-दिशा तय करने वाला बताया और कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने अपने पहले कार्यकाल में अपने कार्यों व फैसलों की जो बुनियाद रखी थी, दूसरे कार्यकाल में उस बुनियाद पर एक भव्य भारत के निर्माण, एक समृद्ध, शक्तिशाली और स्वाभिमानी भारत की इमारत के निर्माण का काम प्रधानमंत्री श्री मोदी के दूसरे कार्यकाल के पहले वर्ष की ऐतिहासिक, साहसिक व क्रांतिकारी उपलब्धि है। डॉ. सिंह सोमवार को भाजपा द्वारा आहूत राजनांदगांव संसदीय क्षेत्र के जनसंवाद कार्यक्रम के तहत राजनांदगांव और कवर्धा ज़िला की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सभा को संबोधित कर रहे थे। विदित रहे, प्रदेश भाजपा द्वारा केंद्र सरकार के दूसरे कार्यकाल के एक वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेश और जिला स्तर के जनसंवाद पूर्ण होने के पश्चात लोकसभा क्षेत्र स्तर पर इन सभाओं का आयोजन रखा जा रहा है और यह सभा इस क्रम में राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र की सभा थी।
भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के दूसरे कार्यकाल का पहला वर्ष देश की वर्षों की संजोई हुई आशा व आकांक्षाओं की पूर्ति का रहा है। केंद्र सरकार ने कोरोना संक्रमण काल में चौपट हो रही अर्थ व्यवस्था के दौर में भी देश को एकजुट रखते हुए ग़रीब कल्याण योजना के तहत 1.70 लाख करोड़ रुपए का प्रावधान कर प्रभावित ग़रीब परिवारों, श्रमिकों और ज़रूरतमंदों को हरसंभव सहायता सामग्री व आवश्यक राशि मुहैया कराई, देश की अर्थ व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए स्थायी आर्थिक उपायों पर काम करते हुए आत्मनिर्भर भारत की दिशा में कदम बढ़ाकर 20 लाख करोड़ रुपए का आर्थिक पैकेज घोषित किया। दूरदर्शितापूर्ण निर्णय लेकर उन पर त्वरित अमल करके प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कोरोना संकट को काबू में रखा। केंद्र सरकार ने 45सौ ट्रेनों से देशभर में फँसे लगभग 56 लाख और बसों से 45 लाख प्रवासी श्रमिकों को उनके घरों तक पहुँचाने का काम किया। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र की भाजपा सरकार ने एक देश-एक कर, एक देश-एक राशन कार्ड और किसानों के ले एक देश-एक बाजार और आर्थिक आधार पर सवर्णों के लिए 10 फीसदी आरक्षण जैसे निर्णय लेकर जहाँ देश के तंत्र को दुरुस्त करने का काम किया, वहीं आतंकवाद के ख़िलाफ़ हुँकार भरकर राष्ट्रीय अखंडता व संप्रभुता के लिए अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की और विश्व मंच पर भारत की धमक कायम की। डॉ. सिंह ने धारा 370 व अनुच्छेद 35-ए की समाप्ति, तीन तलाक़ को ख़त्म करने क़ानून, नागरिकता संशोधन क़ानून और अयोध्या में भव्य राममंदिर निर्माण की भी चर्चा कर इसे प्रधानमंत्री श्री मोदी के सक्षम नेतृत्व का सुपरिणाम बताया और कहा कि जिन कामों को असंभव बताया जा रहा था, श्री मोदी ने उन सारे कामों के अपने दूसरे कार्यकाल के एक वर्ष में संभव करके दिखला दिया।
डॉ. सिंह ने प्रदेश सरकार के डेढ़ वर्ष के कार्यकाल की आलोचना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ को सम्हालने की ज़िम्मेदारी निभाने में कांग्रेस की प्रदेश सरकार विफल रही है। प्रदेश सरकार को बेरहम बताते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि वह प्रदेश के लोगों की वेदना को महसूस नहीं करती। देश के दीग़र राज्यों ने अपने प्रवासी श्रमिकों के खातों में आर्थिक सहायता के रूप में पर्याप्त राशि जमा कराई लेकिन छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने अपने ढाई लाख प्रवासी श्रमिकों के खाते में ढाई रुपए तक जमा नहीं कराए। उनकी वापसी के लिए ट्रेनों को अनुमति तक देने में प्रदेश सरकार आनाकानी करती रही। प्रदेश के किसानों के साथ छल-कपट किया, शराबबंदी के वादे से मुकर रही है। शराब के धंधे में करोड़ों की हेराफेरी हो रही है और 30 फीसदी शराब अवैध रूप से बिक रही है और वह पैसा सरकारी ख़जाने में नहीं जा रहा है। शराब की तस्करी में पुलिस के लोग पकड़े जा रहे हैं। किसानों के दो साल के बकाया बोनस भुगतान के वादे की याद दिलाते हुए डॉ. सिंह ने तेंदूपत्ता संग्राहकों को भी दो साल का बोनस नहीं मिलने की बात कही। कोरोना के मोर्चे पर प्रदेश सरकार को विफल बताते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि विभिन्न मदों में 18 सौ करोड़ रुपए होने के बावज़ूद प्रदेश सरकार कोरोना संकट की रोकथाम और लॉकडाउन से प्रभावितों की सहायता में खर्च नहीं कर रही है। टेस्टिंग सुविधा नहीं बढ़ाए जाने के कारण जाँच रिपोर्ट का काम पेंडिंग पड़ा है और क्वारेंटाइन सेंटर्स यातना गृह बनकर रह गए हैं। केंद्र की राशि से संचालित मनरेगा को छोड़कर प्रदेश में कहीं कोई काम यह सरकार नहीं कर रही है। प्रदेश में माफिया आतंक बढ़ता जा रहा है और माफिया अपने ख़िलाफ़ आवाज़ उठा रहे जनप्रतिनिधियों और लोगों पर जानलेवा हमले कर रहे हैं। प्रदेश सरकार बदलापुर की राजनीति कर भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित कर रही है। प्रदेश में भाजपा के 15 वर्षों के शासनकाल की चर्चा कर डॉ. सिंह ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता केंद्र सरकार के साथ ही प्रदेश के भाजपा शासनकाल की उपलब्धियों को भी बताएँ और मौज़ूदा प्रदेश की कांग्रेस सरकार की विफलताओं से भी प्रदेश को अवगत कराएँ।
भाजपा प्रदेश महामंत्री व राजनांदगांव सांसद संतोष पाण्डेय ने लोकसभा क्षेत्र में अपने उपलब्धियों को विस्तार से बताया तथा प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि हर मामले में कांग्रेस झूठ बोलने और दोहरे आचरण की आदी हो गयी है। केंद्र से सहायता मांगने समय अपनी हालत ख़राब बताना और भाषणों में प्रदेश को नंबर वन बताना इसकी आदत हो गयी है। अभी कोरोना काल में भी इसने बार-बार यही किया। एक तरफ केंद्र सरकार को बता रही है कि सवा लाख मजदूर प्रवास पर गए हैं और दूसरी तरफ यह दावा भी कर रही है कि 10 लाख से अधिक लोगों को क्वारेंटाइन किया जा चुका है। अभी केंद्र को चिट्ठी लिखा कि ‘अन्न योजना’ को तीन महीने बढाया जाय, जब मोदी जी ने पूरे देश के लिए स्वतः स्फूर्त इसे पांच महीने बढ़ा दिया तो अब कह रही है कि कांग्रेस को तो इसकी ज़रुरत ही नहीं थी। वह प्रदेश के हिस्से का अनाज उठा तक नहीं पा रही है। एक तरफ रोज वह पैसे मांगने केंद्र के पास पहुँचती है जबकि सीएम राहत कोष का कुछ करोड़ रुपया ही खर्चने में इसे पसीने आ रहे। जिस भी काम में भ्रष्टाचार की गुंजाइश नहीं हो, उसे यह किसी कीमत पर करना नहीं चाहती चाहे जनता को उसका कितना भी नुकसान हो।
सांसद श्री पाण्डेय ने कहा कि अपनी ऐसी पैंतरेबाजी के लिए कांग्रेस नेताओं को शर्म महसूस करनी चाहिए और प्रदेश के हित में पूरी ईमानदारी के साथ सतर्क रहकर काम करना चाहिए। वादाख़िलाफ़ी, झूठ-फ़रेब और प्रतिशोध की राजनीति कांग्रेस के राजनीतिक चरित्र का स्थायी भाव है, यह प्रदेश में कांग्रेस ने अपने डेढ़ साल के शासन में प्रदेश को अच्छी तरह बता दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा यह बार-बार कहती है कि सत्ता पक्ष को जनता और विपक्ष के प्रति जवाबदेह होना चहिये। उसे विपक्ष के सवालों का जवाब देना चाहिए न कि खुद रोज चार सवाल के साथ अपनी विफलता को छिपाने की कवायद करने में जुटे रहना चाहिए l
सभा की शुरुआत कवर्धा ज़िला भाजपा अध्यक्ष अनिल सिंह के संबोधन से हुई। उन्होंने भारतीय जनसंघ (अब भाजपा) के संस्थापक डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी को 06 जुलाई को जयंती की बेला पर समस्त कार्यकर्ताओं की ओर से भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि एक देश में “एक विधान, एक प्रधान और एक निशान” की हुँकार भरकर जम्मू-कश्मीर के मुद्दे पर बलिदान होने वाले डॉ. मुखर्जी का स्वप्न अब फलीभूत हुआ है और कृतज्ञ राष्ट्र की उनको यही सच्ची श्रद्धांजलि है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दृढ़ इच्छाशक्ति और सबल नेतृत्व में वह स्वप्न साकार हुआ है और धारा 370 और अनुच्छेद 35–ए के ख़ात्मे के साथ ही कांग्रेस की विभाजनकारी नीतियों व ढुलमुल रवैए के चलते नासूर बन चुकी जम्मू-कश्मीर की समस्या का स्थायी समाधान हो गया। रैली को पूर्व विधायक लीलाराम भोजवानी ने भी संबोधित किया। इस मौके पर भाजपा वर्चुअल रैली में पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, राजनांदगांव भाजपा जिलाध्यक्ष मधुसूदन यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष रामकुमार भट्ट, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष विजय शर्मा, दुर्गेश ठाकुर, सीतराम साहू, चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, रूपेश जैन, पन्ना चंद्रवंशी, पीयूष ठाकुर, गिन्नी चांवला, श्रीकांत उपाध्याय सहित राजनांदगांव और कवर्धा जिले के काफी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता वर्चुअली जुड़े थे।




