जगदलपुर नगर निगम का बजट हुआ पेश, निगम को हुआ 58 करोड़ रुपए का घाटा

जगदलपुर । छत्तीसगढ़ में जगदलपुर नगर निगम की महापौर सफीरा साहू ने इस बार भी घाटे का बजट पेश किया है। उन्होंने सदन में बजट पेश करते बताया कि इस बार करीब 2 अरब 48 करोड़ 28 लाख 37 हजार रुपए की आय हुई है, जबकि 2 अरब 38 करोड़ 87 लाख 5 हजार रुपए व्यय है। यानी इस बार 58.60 लाख रुपए का घाटे का बजट पेश किया गया है। सफीरा साहू ने बताया कि इस बजट में विकास कार्यों को ज्यादा फोकस किया गया है।
इस साल जगदलपुर नगर निगम क्षेत्र में सबसे ज्यादा करीब 30 करोड़ रुपए सड़क, पुल-पुलिया और नालियों के निर्माण में खर्च किया जाएगा। वहीं 10 करोड़ 60 लाख रुपए की लागत से अंतरराज्यीय बस स्टैंड में विकास काम किए जाएंगे। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हितग्राहियों को आवास के लिए 10 करोड़ रुपए खर्च होंगे। साथ ही नगर निगम के अधिकारी कर्मचारियों के लिए करीब 1 करोड़ रुपए की लागत से आवास का निर्माण किया जाएगा।
जानिए किस काम के लिए कितना बजट
- शहर में सफाई व्यवस्था के लिए 2 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
- शहर के विभिन्न बाजारों के सुव्यवस्थापन एवं पौनी पसारी योजना अंतर्गत हाट बाजारों के लिए एक करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
- गंगा मुंडा तालाब एवं शहर के अन्य तालाबों के सौंदर्यीकरण, घाटों का निर्माण एवं गहरीकरण के लिए 2.50 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
- गोधन न्याय योजना के क्रियान्वयन हेतु 50 लाख रुपए का बजट निर्धारित किया गया है।
- लगभग 1.50 करोड़ रूपए से नगर का सौंदर्यीकरण, वृक्षारोपण डिवाइडर रंग-रोगन, प्रवेश द्वार का निर्माण किया जाएगा।
- 50 लाख रुपए की लागत से नरवा, गरवा, घुरवा और बाड़ी योजना के तहत गौठान निर्माण किया जाएगा।
- महिलाओं, बेरोजगारों एवं महिला स्व सहायता समूहों को रोजगार देने के लिए करीब 1 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
- शहर में ट्रांसपोर्ट नगर की स्थापना के लिए 5 करोड़ रुपए बजट निर्धारित किया गया है।
- शहर में शहीद पार्क और चिल्ड्रंस पार्क के सौंदर्यीकरण, नवीन खेल उपकरण एवं पुराने खेल उपकरणों की मरम्मत के लिए 20 लाख रुपए का बजट निर्धारित किया गया है।
- ई गवर्नेंस अंतर्गत ऑनलाइन पद्धति से टैक्स जमा करने की सुविधा के लिए 25 लाख रुपए का प्रावधान है।
- शहर में आवारा पशुओं की समस्या से शहर की जनता को मुक्ति दिलाने के लिए एवं रोका-छेका योजना के लिए 50 लाख रुपए का बजट निर्धारित किया गया है।
- शहर में सड़कों की मरम्मत के लिए 50 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे।



