बैठक में बताया हर बूथ में होंगे 10-10 सदस्य:बूथ की टीम में महिलाओं की भी होगी भागीदारी

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक घुमका ब्लॉक मुख्यालय में हुई। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष पदम कोठारी एवं डोंगरगढ़ विधायक भुनेश्वर बघेल की मौजूदगी में हुई बैठक में बूथ प्रबंधन पर चर्चा की गई। बताया गया कि प्रत्येक बुथ में 10-10 लोगों की टीम रहेगी, जिसमें युवा, वरिष्ठ नागरिक और महिलाओं को शामिल किया जाएगा। इन सदस्यों का नाम, नंबर और पता एकत्रित कर ब्लॉक अध्यक्ष के पास जमा कराना है।
जिलाध्यक्ष कोठारी ने कहा कि कार्यकर्ता रीढ़ की हड्डी होते हैं। बूथ की मजबूती के लिए ब्लॉक अध्यक्ष व ब्लॉक पदाधिकारियों को उचित जिम्मेदारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस बूथ प्रबंधन कार्य में पारदर्शिता रहेगी। विधायक भुनेश्वर ने कहा कि पार्टी और संगठन की जड़ बूथ के सदस्य होते हैं, जो पार्टी के प्रति समर्पित रहकर एक सिपाही की तरह काम करते हैं। बूथ प्रबंधन कमेटी घुमका ब्लॉक के प्रभारी कृष्णा दुबे ने कहा कि हर एक काम के लिए एक कमेटी तैयार होगी। बैठक में संगठन की मजबूती के लिए पार्टी के कार्यक्रम व निर्देशों और राज्य शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। बैठक में जिला महामंत्री पंकज बांधव, जिला पंचायत सदस्य हर्षिता स्वामी बघेल, ब्लॉक अध्यक्ष रतन यादव, महिला ब्लॉक अध्यक्ष हंसा सिन्हा, जिला सचिव नवीन लुनिया, विस अध्यक्ष सौरभ वैष्णव,ओमप्रकाश साहू, सरपंच फूलमति वर्मा, गीतालाल वर्मा, झमेश्वरी साहू उपस्थित रहे।



