रायगढ जिला

नेशनल बास्केटबाॅल टीम में चुने गए संजू:नौवीं के छात्र संजू गजभिये ने बढ़ाया जिले का मान

शहर के बास्केटबॉल खिलाड़ी संजू गजभिये का चयन भारतीय सीनियर पुरुष राष्ट्रीय बास्केटबॉल टीम में हुआ है। युवा खिलाड़ी की उपलब्धि से अरसे बाद जिले के खेल हलके में खुशी देखी गई है। संजू प्रदेश से एक मात्र ऐसे खिलाड़ी हैं जिनका चयन राष्ट्रीय बास्केटबॉल टीम में हुआ है। संजू राष्ट्रीय कोचिंग शिविर में हिस्सा लेने के लिए बैंगलुरू रवाना हुए हैं।

छत्तीसगढ़ प्रदेश बास्केटबॉल एसोसिएशन के असिस्टेंट कोच राजेन्द्र यादव ने बताया कि 16 साल के संजू गजभिये नेशनल टीम में सेलेक्ट होने वाले प्रदेश के पहले खिलाड़ी हैं। सीनियर टीम में चयन होने के बाद एफआईबीए विश्व कप की तैयारी के लिए बैंगलुरू में 20 सितंबर से 20 अक्टूबर 2021 तक शिविर में हिस्सा लेंगे। यहां शिविर के बाद टीम यूनाइटेड स्टेट्स (अमेरिका) में होने वाले फिबा विश्वकप 2023 में हिस्सा लेगी। संजू कोच राजेन्द्र यादव से प्रशिक्षण लेते हैं। 2019 में कटक में आयोजित स्पर्धा में संजू गजभिये कैप्टन थे और उनके साथ रायगढ़ के पांच बास्केटबॉल खिलाड़ी भी शामिल हुए थे।

राजेंद्र ने बताया कि 2014 में संजू ने बास्केटबॉल खेलना इसलिए शुरू किया था क्योंकि उनकी लंबाई नहीं बढ़ रही थी। किसी ने सलाह दी कि बास्केटबॉल खेलो तो हाइट बढ़ेगी। धीरे-धीरे संजू की प्रतिभा निखरी और वे इस मुकाम तक पहुंचे। 2018-19 में संजू नेशनल गेम्स में हिस्सा ले चुके हैं। राज्य स्तरीय स्पर्धा में वे दो गोल्ड और एक सिल्वर मेडल जीत चुके हैं। संजू अतरमुड़ा में निजी स्कूल में कक्षा नौवीं के छात्र हैं। संजू की मां आशा गजभिये कोर्ट में कर्मचारी हैं, पिता राजेंद्र गजभिये इलेक्ट्रिकल सामानों के व्यापारी हैं।

Related Articles

Back to top button