आयुक्त से एफआईआर की मांग:वीडियो क्लिप से कांग्रेस पार्षदों में मचा बवाल, शहर कांग्रेस अध्यक्ष व निगम सभापति सहित फड़नवीस ने भी सौंपा ज्ञापन

मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के तहत कमला कॉलेज चौक पर बनाई गई दुकानों के आवंटन में गड़बड़ी के आरोपों के बीच सामने आए एक वीडियो क्लिपिंग से बवाल मचा हुआ है। मामले में मंगलवार को कांग्रेस पार्षद खुला विरोध करते हुए चेयरमैन सुनीता फड़नवीस के साथ आयुक्त से मिलकर उस व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर की मांग की जिसने वीडियो में फड़नवीस का नाम लिया था।
नगर निगम द्वारा आवंटित की गई दुकानों को लेकर एक क्लिपिंग के मामले में शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा, सभापति हरिनारायण धकेता और बाजार विभाग की चेयरमैन फड़नवीस, पूर्व युकां महामंत्री अनीस खान, शहर कांग्रेस सचिव सूरज शर्मा एवं चिंटू शर्मा के साथ प्रभावित हितग्राहियों ने आयुक्त से मुलाकात की। निगम दुकान में ताला लगाने वाले घनश्याम वासनिक के खिलाफ एफआईआर की मांग की। इन नेताओं का आरोप था कि फड़नवीस की छवि को धूमिल करने के लिए जानबूझकर नाम लिया गया है।
फड़नवीस का लिया था नाम: मौके पर रहे हितग्राहियों ने युवक को पकड़कर दुकान का ताला खुलवाया और युवक से पूछा कि किस अधिकारी के आदेश से आए हो तो युवक ने निगम कर्मचारी बंजारे से मोबाइल में बात भी की और फड़नवीस ने भेजा है, ऐसा सबके सामने कहा। मौके पर उसने ये भी कहा था कि दो दिन बाद एग्रीमेंट लेकर फिर आऊंगा।
नियमानुसार दुकान का हुआ आवंटन: महापौर
इधर इस मामले में महापौर हेमा देशमुख ने कहा कि निगम द्वारा दुकान का आवंटन नियमानुसार किया गया है। आयुक्त से जिस प्रतिनिधि मंडल ने मुलाकात की है उनके द्वारा किसी युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही है। क्लिपिंग में नाम सामने आने के मामले में जो भी दोषी है, वीडियो की सत्यता जांच कर नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।



