खेल दिवस पर विशेष:रोलबॉल, 3 इंटरनेशनल, 250 नेशनल खिलाड़ी देने वाले शहर में ट्रेनिंग के लिए स्टेडियम ही नहीं

- 14.50 लाख फंड मंजूर होने के 3 साल बाद भी नहीं बना मानक स्तर का स्टेडियम
- मात्र दो दिन के लिए मिलता था केएमटी का बास्केटबाॅल ग्राउंड, उसमें भी बारिश का पानी भर जाने से ठप हो गया प्रशिक्षण
रोलबॉल स्पर्धा में 3 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी, 250 से ज्यादा नेशनल खिलाड़ी देने वाले रायगढ़ शहर में अंतरराष्ट्रीय मानक के रोलबॉल स्टेडियम का निर्माण नहीं हो सका है, जब कि 3 साल पहले ही उसके निर्माण के लिए डीएमफ फंड से 14.50 लाख की मंजूरी दी गई थी। स्टेडियम नहीं हाेने से खिलाड़ियों की तैयारी प्रभावित हो रही है।
साल 2018 में रोलबाल संघ के पदाधिकारियों ने पीडब्ल्यूडी से स्टेडियम का नक्शा बनवाकर प्रशासनिक अफसरों को सौंपा था। इसमें मानक स्टेडियम के अलावा बॉयज और गर्ल्स खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग टॉयलेट भी बनाए जाने थे लेकिन कोरोना के कारण इसके निर्माण पर ब्रेक लग गया और फंड दूसरे कामों में खर्च गया। तब से खिलाड़ियों को अभ्यास करने के लिए एक अच्छा ग्राउंड नहीं मिल पाया है।
कुछ महीने पहले संघ के पदाधिकारियों ने प्रशासनिक अफसरों के सामने दोबारा समस्या रखी तो उन्हांेने खिलाड़ियों को केएमटी कॉलेज के बास्केटबॉल ग्राउंड पर दो दिन अभ्यास करने की मंजूरी दी। कॉलेज गड्ढे में स्थित होने से बारिश के दिनों में उसमें पानी भर जाता है। इस कारण वर्तमान में उस ग्राउंड पर खिलाड़ियों को प्रशिक्षण नहीं मिल पा रहा है।
20 हजार खर्चकर ग्राउंड को खेलने योग्य बनाया पर बारिश ने मेहनत पर पानी फेरा
कोच मोहम्मद आबिद साबरी ने बताया कि प्रशासन से मंजूरी मिलने के बाद केएमटी कॉलेज के बॉस्केटबॉल ग्राउंड से मिट्टी साफकर उसे खेलने योग्य बनाया था पर बारिश होने के बाद सारी मेहनत पर पानी फिर गया। एक बार फिर खिलाड़ियों की ट्रेनिंग ठप हो गई है।
मानक स्टेडियम बनता तो मिलती ट्रेनिंग की सुविधा
बांग्लादेश में इंटरनेशनल प्रतियोगिता खेल चुके सी रज्जी फिलिप का कहना है कि शहर में मानक स्टैंडर्ड के ग्राउंड की कमी है। गर्ल्स कॉलेज के ग्राउंड में भी दो दिन अभ्यास करने का मौका मिलता था। पूरे देश में रायगढ़ के खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर रहे है। हर जगह के टूर्नामेंट में जीत मिल रही है। खुद का ग्राउंड होता तो रोजाना प्रैक्टिस करते । इससे इंटरनेशनल स्तर पर अच्छा प्रदर्शन करने में आसानी होती। गौरलतब है कि फिलिप 2017 बांग्लादेश में इंटरनेशनल स्पर्धा में मेडल जीत चुके हैं। उन्हें शहीद राजीव पांडेय खेल पुरस्कार भी मिल चुका है।
स्टेडियम बनाने नया प्रस्ताव बनाकर भेजेंगे
रोलबॉल में शहर के खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। उनके अभ्यास के लिए अस्थायी व्यवस्था केएमटी कॉलेज में की है। अंतरराष्ट्रीय मानक स्तर का स्टेडियम बनाने के लिए फिर से प्रस्ताव मांगेंगे और उसे मंजूरी दिलाकर स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा।
-राजेश पॉल, जिला खेल अधिकारी
शहर में रोलबॉल का क्रेज, लोगों को पसंद
तीन साल पहले मानक रोल बॉल स्टेडियम बनवाने के लिए पीडब्ल्यूडी से नक्शा बनाकर कलेक्टर को सौंपा था। ग्राउंड निर्माण के लिए डीएमएफ से 14.50 लाख रुपए फंड मंजूर हुए थे। स्टेडियम में गर्ल्स और बॉयज टॉयलेट का निर्माण भी होना था पर सरकार बदली तो काम अटक गया। वर्तमान विधायक से भी मांग कर चुके हैं। कलेक्टर ने हमें केएमटी कॉलेज के बॉस्केटबाल ग्राउंड में खेलने की अनुमति दी है, लेकिन पानी से डूब जाने के कारण यह खिलाड़ियों के लिए उपयोगी नहीं है।
-नेतराम साहू, जिला संयोजक रायगढ़ रोलबॉल संघ



