दन्तेवाड़ा जिला

टेकनार गो संवर्द्धन केंद्र में लापरवाही का आरोप:भाजपा- माहभर में 10 मवेशियों की मौत; अफसर- 1 गाय की मौत, वो भी सर्पदंश से

भाजपा के जिला पंचायत सदस्य रामूराम नेताम ने टेकनार के गो संवर्द्धन केंद्र में मवेशियों की बीमारी से मौत होने के आरोप लगाए हैं। रामू का कहना है कि यहां मवेशियों का सही तरीके से देखभाल नहीं हो रहा है और न ही बीमार मवेशियों का इलाज हो रहा। इसकी वजह से महीने भर के अंदर ही 10 से ज्यादा मवेशियों की मौत हो गई है। जबकि अब भी कई बीमार हैं।

रामू ने कहा कि विभाग को मवेशियों के दाना पानी से लेकर उचित उपचार तक के लिए ध्यान दिया जाना चाहिए। दरअसल दंतेवाड़ा जिले का टेकनार का गो संवर्द्धन केंद्र जिले के मॉडल के तौर पर है। यहां के ए- 2 मिल्क, घी व दूध की न सिर्फ जिले में ही बल्कि बाहर भी अच्छी डिमांड है। यहां अच्छे नस्ल की गायें हैं। 20 से ज़्यादा स्थानीय युवाओं को रोजगार मिला है व उन्हीं की देखरेख में इसका संचालन भी हो रहा है।

सीधी बात – डॉ. अजमेर कुशवाह, डिप्टी डायरेक्टर पशुधन

मवेशियों को इलाज न मिलने का आरोप गलत

टेकनार गो संवर्द्धन केंद्र में मवेशियों की मौत हुई है?
सोमवार को स्नैक बाइट से एक गाय की मौत हुई है। पंचनामा तैयार कर लिया गया है ।

दावा है महीने भर में 10 से 12 मवेशियों की मौत हुई है
ये गलत है। ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। सिर्फ एक गाय के अलावा इतनी मौतें हुई ही नहीं हैं।

आरोप है यहां अब भी कई पशु बीमार हैं, जिन्हें इलाज नहीं मिल रहा
मवेशियों के बीमार रहने और इलाज नहीं मिलने जैसी कोई बात ही नहीं है। यहां दो डॉक्टर मवेशियों के इलाज के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। जिनकी देखरेख में इलाज चलता है।

Related Articles

Back to top button