बिलासपुर जिला

बिलासपुर निगम में 8 अरब का बजट पेश:कांग्रेसियों ने पार्टी दफ्तर बनाने बस स्टैंड वाली जमीन पर किया दावा, भाजपाई बोले- शहर विकास की बात करो; तय हुआ नहीं हटेगा संडे बाजार

बिलासपुर शहर के नगर निगम का बजट पेश किया गया। बजट के लिए बुलाई गई सामान्य सभा करीब एक साल बाद आयोजित की गई। 8 अरब 19 करोड़ के बजट को पेश किया गया। बिलासपुर शहर के भीतर 93 प्रोजेक्ट से जुडे़ प्रस्ताव पास हो गए। ये भी तय हुआ है कि शहर का संडे बाजार नहीं हटाया जाएगा। इस पूरी बैठक के दौरान कई बार हंगामे के हालात बने। कभी कांग्रेस का दफ्तर राजीव भवन बनाने तो कभी पुराने पार्षदों को आगे की कुर्सी न मिलने पर बवाल होता रहा।

हावी रहा कांग्रेस भवन का मुद्दा
बिलासपुर निगम की सामान्य सभा में शहर के विकास की बजाए दिन भर कांग्रेस भवन बनाने के मुद्दे पर बहस होती रही। कांग्रेस भवन बनाने के लिए बस स्टैंड की बेशकीमती जमीन आवंटित करने के मांग कांग्रेसियों ने की। भाजपाइयाें ने इसका विरोध किया। भाजपा के पार्षद कहते रहे के कांग्रेसी शहर के दूसरे प्रोजेक्ट पर भी बात करें। भाजपा नेताओं ने सभा के बीच धरना दे दिया नारे बाजी की। इस बात को लेकर काफी देर तक हुए हंगामे के बाद पहले से तय जगह यानी की बस स्टैंड के पास वाली जमीन पर कांग्रेस का दफ्तर राजीव भवन बनाने का प्रस्ताव पास कर दिया गया। भाजपा पार्षदों ने इस वजह से वॉकआउट कर दिया।

नगर निगम बिलासपुर की सामान्य सभा की बैठक।
नगर निगम बिलासपुर की सामान्य सभा की बैठक।

93 प्रस्ताव पास
बैठक में साल 2021-22 के लिए 93 प्रस्ताव पेश किए गए। सदन में प्रश्नकाल के दौरान 12 पार्षदों को सवाल करने का मौका दिया गया। प्रश्नकाल के बाद भी सभापति द्वारा सदस्यों को अतिरिक्त प्रश्न करने का अवसर दिया गया था। इस दौरान संडे बाजार को लेकर आपत्ति दर्ज की गई। लेकिन सदन संडे बाजार को जारी रखने का समर्थन किया। विपक्ष के बेहद हल्के प्रतिरोध के साथ करीब सभी प्रस्ताव पास हो गए। देवरी खुर्द इलाके में पानी की समस्या दूर करने अब नए सिरे से काम होगा।

कांग्रेस भवन की जमीन को लेकर जमकर हंगामा हुआ।
कांग्रेस भवन की जमीन को लेकर जमकर हंगामा हुआ।

प्रमुख प्रस्तावों में व्यापार विहार समेत शहर के अलग अलग स्मार्ट सिटी रोड का नामकरण स्व. रामबाबू सोंथालिया के नाम के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पास किया गया। पार्षदों के मानदेय और पार्षद निधि को बढ़ाये जाने के प्रस्ताव के लिए समिति का गठन किया जाएगा जो राज्य शासन को पत्र लिखेगी। व्यापार विहार में बन रहे तारामंडल का नाम पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ऐ पी जे अब्दुल कलाम के नाम पर रखने के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पास किया गया।

Related Articles

Back to top button